नयी दिल्ली। आज भी लोग झूठी शान के चलते हत्या जैसा घिनौना अपराध करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसका जीता जागता नमूना देश की राजधानी में देखने को मिला है। पुलिस ने इस मामले की छानबीन कर परिवार के छह सदस्यों को हत्या और हत्या की साजिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मामला दिल्ली के न्यू अशोक नगर का है। तीन साल पहले शीतल चौधरी को अपने पड़ोस में रहने वाले युवक अंकित भाटी से प्यार हो गया था। उनके विवाह के लिये घर वाले तैयार नहीं थे। इसलिये दोनों ने पास के ही आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर ली थी। इस बात से शीतल के घर वाले काफी नाराज चल रहे थे। वो शीतल को इस बात के लिये काफी प्रयास कर रहे थे कि वो अपने पति अंकित को तलाक दे दे। लेकिन शीतल इस बात के लिये तैयार नहीं थी।
30 जनवरी को शीतल के घर वाले किसी तरह अपने घर लाये और जबरदस्ती उसे रस्सी से बांधकर छत से लटका दिया। उसके बाद शीतल की लाश को कार में डाल कर अलीगढ़ के पास एक नहर में डाल आये। उसके पति अंकित ने अपनी लापता पत्नी की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज करायी। इस मामले की जांच के लिये पुलिस जब शीतल के मां बाप के पास पहुंची तो उन्हें यह बताया गया कि वो अपने चाचा के घर गयी है। पुलिस ने वहां जा कर शीतल के बारे में पता किया तो माता पिता की बात झूठ साबित हुई। इस पर पुलिस ने घरवालों को थाने में बुला कर सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से अलीगढ़ के पास वाली नहर से शीतल का शव बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने शीतल की मां सुमन पिता रविंद्र, चाचा संजय, ओम प्रकाश और चचेरे भाई अंकित को हिरासत में ले लिया।








