‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान में कांग्रेस के सभी बड़े नेता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करेंगे.
नई दिल्लीः देश के वर्तमान हालात के मद्देनजर कांग्रेस 28 मई को 11 बजे से 2 बजे तक देशभर में ऑनलाइन कैंपेन शुरू करेगी. इस कैंपेन के तहत कांग्रेस नेता लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे. कांग्रेस के इस ऑनलाइन कैंपेन का नाम होगा “स्पीक अप इंडिया”.
कांग्रेस के इस अभियान में 50 लाख से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा लेंगे. ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान में आर्थिक बदहाली, MSMEs और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी.
इस कैंपेन के तहत कांग्रेस जिन प्रमुखों मांगों को उठाएगी उनमें- प्रवासी नागरिकों सकुशल और निःशुल्क घर पहुंचाना, हर गरीब को 10,000 रुपये की तत्काल सहायता देना, MSMEs को लोन नहीं आर्थिक मदद देना और मनरेगा कार्यदिवस 200 करने जैसे मांग शामिल होगी.
पार्टी के इस अभियान में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक शामिल होने जा रहे हैं. इसके अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सभी मुख्यमंत्री और पार्टी के बड़े नेता भी शामिल होंगे.
कार्यक्रम की शुरूआत सोनिया गांधी गरीबों को 10000 रू देने की मांग के साथ करेंगी. तीन घंटे के इस कार्यक्रम के दौरान पार्टी के बाकी नेता अलग अलग समय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोशल मीडिया के सभी प्लेटफ़ॉर्म के जरिए बात करेंगे.
कार्यक्रम की तैयारी के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने पूरी ताक़त झोंक दी है. पहले पार्टी के सभी महासचिवों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए बैठक की और फिर प्रदेश अध्यक्षों और बाकि नेताओं के साथ बैठक करके ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान की रूपरेखा तैयार की गई.







