मुंबई की मुश्किल, अब BEST के कर्मचारी करेंगे काम बंद आंदोलन


Edited By Nilesh Mishra | नवभारत टाइम्स | Updated:

सांकेतिक तस्वीर

मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई कोरोना से बुरी तरह जूझ रही है। कोरोना के कारण पहली बार पूरी मुंबई रुक गई है। इस बीच जरूरी सेवाओं के लिए बेस्ट की बसें चल रही हैं। अब बेस्ट के कर्मचारी संगठन ने सोमवार को काम बंद आंदोलन का ऐलान किया है। इससे पहले बेस्ट का कर्मचारी संघठन पिछले कुछ दिनों से बीएमसी और सरकार से कोरोना संकट में सुरक्षा को लेकर मांग कर रहा था, लेकिन बीएमसी प्रशासन और सरकार ने इसपर ध्यान नहीं दिया।

कोरोना के खतरे को देखते हुए बेस्ट के कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि अगर कर्मचारी की कोरोना से मौत होती है तो परिवार को 50 लाख का बीमा दिया जाए। काम के दौरान कर्मचारी को सुरक्षा के लिए हैंड सेनेटाइजर, मास्क और ग्लव्स दिए जाएं। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि ये चीजें दे दी गई हैं लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि सभी तक ये चीजें नहीं पहुंचतीं।

बेस्ट की बसें बंद हुईं तो मुंबई को होगी परेशानी

कोरोना का सबसे ज्यादा संक्रमण मुंबई में है। ऐसे में शहर में लोकल ट्रेनें बंद है। बेस्ट की बसें अत्यावश्यक सेवा में शामिल हैं। इन्हीं बेस्ट बसों में मुंबई में बाकी अत्यावश्यक सेवा दे रहे पुलिस और मेडिकल स्टाफ भी ट्रैवल करते हैं। ऐसे में अगर बेस्ट बस के कर्मचारी काम बंद करते हैं तो मुंबई में कोरोना के संकट में बाकी सेवाओं पर भी भारी असर पड़ सकता है।

बेस्ट कर्मचारी संघठन के अध्यक्ष शशांक राव ने कहा है, ‘अब तक बेस्ट के 100 कर्मचारी कोरोना का शिकार हुए हैं, जिनमें से अब तक 7 कर्मचारियों की मौत हुई है। 600 कर्मचारी क्वारंटीन में हैं। पिछले दो महीने से कोरोना की इस महामारी में बेस्ट के कर्मचारी मुंबई को अत्यावश्यक सेवा दे रहे हैं लेकिन बीएमसी प्रशासन और सरकार इनकी स्वास्थ्य की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। हमने मांग की थी कि बेस्ट के कर्मचारियों को बाकी अत्यावश्यक सेवा दे रहे पुलिस और मेडिकल स्टाफ की तरह 50 लाख की बीमा सुरक्षा दें।’

‘तो घर में ही लॉकडाउन होंगे बेस्ट कर्मचारी’

शशांक राव ने आगे कहा, ‘ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को संक्रमण से बचने के लिए सुविधा दी जाए। कर्मचारियों की मेडिकल जांच समय पर हो। बेस्ट के कर्मचारियों के लिए अलग क्वारंटीन की सुविधा दी जाए। हमने लगातार इसकी मांग की लेकिन सरकार और प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। इन सब को देखते हुए बेस्ट कृती समिती ने सोमवार से अपने बेस्ट के कर्मचारियों को उनके घरों में लॉकडाउन होने की सूचना दी है।’



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here