बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं लेकिन अभी तक डिप्टी सीएम सुशीद मोदी होंगे या कोई और, इस पर सस्पेंस बरकरार है। इस बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है कि आदरणीय सुशील जी आप नेता हैं, उप मुख्यमंत्री का पद आपके पास था, आगे भी आप भाजपा के नेता रहेंगे, पद से कोई छोटा बड़ा नहीं होता। वहीं अपने एक अन्य ट्वीट में गिरिराज सिंह ने तारकिशोर प्रसाद को विधानमंडल दल का नेता और रेणु देवी को विधानमंडल के उपनेता चुने जाने की बधाई दी है। 

इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग पर एनडीए के घटक दलों की संयुक्त बैठक हुई। राजनाथ सिंह ने मीडिया को बताया कि भाजपा विधायकों की बैठक में कटिहार से नवनिर्चाचित विधायक तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने बताया कि रेणु देवी को भाजपा विधायक दल का उपनेता चुना गया।

बता दें कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेता चुन लिया गया और इसके साथ ही नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने बताया कि एनडीए की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया। बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया। नीतीश कुमार ने मीडिया को बताया कि कल सोमवार, 16 नवंबर को दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा।

डिप्टी सीएम के सवाल को टाल गए नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट की बैठक होगी और उसमें तय होगा कि सदन की बैठक कब बुलानी है, ताकि सदस्यों का शपथ ग्रहण हो सके। मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कितने लोग शपथ लेंगे, यह भी तय हो जायेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे, नीतीश कुमार ने कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा। राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के नाम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उचित समय पर जानकारी दे दी जायेगी।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here