कोविड-19 का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। देश में कोरोना के केस घटने के बाद कई राज्यों ने अपने यहां लगे प्रतिबंधों में छूट दी है। छूट दिये जाने के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अचानक पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। दरअसल मैदानी इलाकों में अभी भीषण गर्मी पड़ रही है और लू का प्रकोप भी बढ़ा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला, मनाली, मसूरी, नैनीताल जैसे पर्यटक स्थलों की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। 

लेकिन पर्यटकों की अचानक बढ़ी संख्या ने कोरोना को लेकर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। दरअसल पहाड़ों की सैर के लिए पहुंचे पर्यटकों की जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें नजर आ रहा है कि कई पर्यटक कोरोना से जुड़े जरूरी गाइडलाइंस को फॉलो नहीं कर रहे हैं। ना तो मास्क पहनने का ख्याल रखा जा रहा है और ना ही सोशल डिस्टेन्सिंग को लेकर उचित नियमों का पालन किया जा रहा है। कोरोना से बेपरवाह दिख रहे पर्यटकों की वजह से कोरोना की तीसरी लहर को लेकर भी चिंता काफी बढ़ गई है। मसूरी से आई यह तस्वीर बताती है कि पर्यटक कोरोना को लेकर सजग नजर नहीं आ रहे हैं। 

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले कम होने और कई राज्यों में प्रतिबंधों में छूट के बाद जून में राज्य में लगभग 6-7 लाख पर्यटक आए। मनाली और शिमला में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। कई स्थानों पर हालात ऐसे हो गए हैं कि जहां पैर रखने की जगह नहीं है। इस भीड़ के चलते स्थानीय लोगों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मनाली की यह तस्वीर भी बेहद चौंकाने वाले हैं।

सोशल मीडिया पर पर्यटकों की इस बेपरवाही की तस्वीरें सामने आने के बाद कई लोग अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा कि ‘मनाली में भीड़ उमड़ी है और होटल में बेड फुल हैं, यही हाल रहा तो जल्‍द ही अस्‍पताल में भी बेड फुल की स्थिति दोबारा देखने को मिल सकती है।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘अभी होटल में रूम नहीं मिल रहे, बाद में अस्पताल में बेड्स नहीं मिलेंगे।’ एक पर्यटक ने बताया है कि ‘मैं दिल्ली से आया हूं और यहां काफी भीड़ है. हिडिम्बा मंदिर और मॉल रोड पर काफी भीड़ होती है, अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है हमें सावधानी बरतनी चाहिए।’

हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच यहां प्रशासन लोगों को लगातार मास्क पहनने और अन्य जरुरी नियमों का पालन करने की हिदायत दे रही है। लेकिन कई हिमाचल और उत्तराखंड में गए पर्यटकों की कई तस्वीरें ऐसी आई हैं जिसमें इन नियमों की धज्जियां उड़ते देखा जा सकता है।
 

संबंधित खबरें





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here