Gold-Silver Price Today 12th May 2020: लॉकडाउन 3.0 अपने समाप्ति की ओर बढ़ रहा है तो वहीं लोगों में लॉकडाउन 4 की भी चर्चा शुरू हो गई। वहीं आज रात 8 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित भी करेंगे। इन चर्चाओं के बीच सोने-चांदी की कीमतों में आज यानी मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। 24 कैरेट सोने का भाव आज सोमवार के मुकाबले 219 रुपये प्रति 10 ग्राम उछलकर 46004 रुपये पर पहुंच गया। वहीं अगर बात करें 22 कैरेट सोने के रेट की तो 10 ग्राम गोल्ड 916 की कीमत 42139 रुपये पर पहुंच गई है। आज चांदी 140 रुपये प्रतिकिलो नरम हुई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट (ibjarates.com) उनकी औसत कीमत अपटेड करती है। ibjarates के मुताबिक 12 मई 2020 को सोने-चांदी के रेट इस प्रकार रहे।
12 मई 2020 को इस भाव पर बिका सोना-चांदी
| धातु | 12 मई का रेट (रुपये/10 ग्राम) | 11 मई का रेट (रुपये/10 ग्राम) |
| Gold 999 | 46004 | 45785 |
| Gold 995 | 45820 | 45602 |
| Gold 916 | 42139 | 41939 |
| Gold 750 | 34503 | 34339 |
| Gold 585 | 26912 | 26784 |
| Silver 999 | 43060 रुपये/किलो | 43200 रुपये/किलो |
स्रोत: ibjarates
तनिष्क ने स्टोर खोलने शुरू किए
टाटा के आभूषण ब्रॉन्ड तनिष्क ने देश भर में अपने 328 स्टोर को फिर से खोलने की घोषणा की है। करीब डेढ़ महीने से बंद पड़े स्टोर को चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा और इसकी शुरुआत रविवार को 50 स्टोर के साथ हुई। तनिष्क ने एक बयान में कहा कि वह स्टोर को फिर से खोलने और इनके परिचालन के दौरान कोरोना वायरस से संबंधित सुरक्षा व बचाव के सभी नियमों का अनुपालन करेगा। कंपनी ने कहा कि उसने स्वर्ण मानक सुरक्षा ई-बुक की शुरुआत की है। इससे ग्राहकों और उसके कर्मचारियों की सुरक्षा व कल्याण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का पता चलता है।
क्या है गोल्ड 999
हालमार्क वाली ज्वैलरी पर हॉलमार्क का निशान और कुछ अंक जैसे 999, 916, 875 लिखे होते हैं। इन्ही अंकों में आपके सोने की शुद्धता का राज छुपा होता है। ध्यान रहे हालमार्क के निशान के साथ 999 नंबर वाले सोने की ज्वैलरी 24 कैरेट की होती है। 999 का मतलब इसमें सोने की शुद्धता 99.9 फीसदी है। इसी तरह 23 कैरेट सोने पर 995, वहीं 22 कैरेट सोने पर 916, 21 कैरेट पर 875, 18 कैरेट पर 750 अंक पड़े होते हैं।
यह भी पढ़ें: बाजार रेट से सस्ता यहां मिल रहा है सोना
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन दिल्ली के मीडिया प्रभारी राजेश खोसला के मुताबिक ibja देशभर के 14 सेंटरों से सोने-चांदी का करेंट रेट लेकर इसका औसत मूल्य बताता है। खोसला कहते हैं कि सोने-चांदी का करेंट रेट या यूं कहें हाजिर भाव अलग-अलग जगहों पर अलग हो सकते हैं पर इनकी कीमतों में मामूली अंतर होता है।







