कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने पंजाब में पार्टी प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया। रूपनगर में एक रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने यहां कहा कि सिर्फ पगड़ी पहन लेने से कोई सरदार नहीं बन जाता। चरणजीत सिंह चन्नी और पार्टी के कई समर्थकों की मौजूदगी के बीच प्रियंका गांधी ने कहा, ‘उनको बता दीजिए कि सिर्फ मंच पर पगड़ी पहन लेने से कोई सरदार नहीं बन जाता। उनको बता दीजिए कि कौन असली सरदार है। बताइए उनको कि इस पगड़ी में कठिन मेहनत और साहस बसता है। उनको बता दीजिए कि पंजाब, पंजाबियों से ताल्लुक रखता है और वो हीं इसे चलाएंगे।’
‘ANI’ से बातचीत में प्रियंका गांधी ने अपने इस बयान के बारे में बताया, ‘मैंने कहा कि पीएम और केजरीवाल जी पंजाब आते हैं और मंच पर पगड़ी पहनते है, इससे वो सरदार नहीं बन जाते। दोनों आरएसएस से जन्में। एक ने एक प्रदर्शन किया जिसके पीछे आरएसएस था और दूसरे आरएसएस के सदस्य हैं। दोनों एक ही हैं। दोनों किसान विरोधी और गरीब विरोधी हैं।’ याद दिला दें कि इससे पहले जालंधर में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पगड़ी पहने नजर आए थे।
#WATCH | Rupnagar, Punjab | Priyanka Gandhi Vadra attacks BJP & AAP. Says, “Tell them nobody becomes a Sardar just by wearing turban on stage. Tell them who is real Sardar. Tell that of the hard work&courage in this turban. Tell them Punjab belongs to Punjabis & they’ll run it..” pic.twitter.com/b4Y17vIowP
— ANI (@ANI) February 15, 2022
पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि पहले भारतीय जनता पार्टी गुजरात मॉडल का प्रचार करती थी और अब आप नेता अरविंद केजरीवाल अपने दिल्ली मॉडल का प्रचार कर हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल की तरह यह मॉडल भी ‘नाकाम’ है। प्रियंका ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत रूपनगर जिले में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ ट्रैक्टर की सवारी भी की। उन्होंने बाद में एक जनसभा को संबोधित किया और भाजपा तथा आम आदमी पार्टी को एक ही सिक्के के दो पहलू करार दिया।
प्रियंका ने पंजाब की मुख्य विपक्षी पार्टी आप पर दिल्ली में कुछ नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को आप द्वारा बताए जा रहे शासन के ‘दिल्ली मॉडल’ से सतर्क रहना चाहिए और इससे पहले भाजपा 2014 में अपने गुजरात मॉडल का प्रदर्शन करते हुए केंद्र की सत्ता में आई थी, लेकिन अब वास्तविकता सबके सामने है। उन्होंने कहा कि लोगों ने गुजरात मॉडल की वास्तविकता देख ली और अब आप दिल्ली मॉडल का प्रदर्शन कर रही है।