अगर आपको टैक्स रिफंड या लॉटरी का ऑफर मिलता है तो थोड़ा अलर्ट हो जाइए। ऐसे मैसेज पर भरोसा करने वाले या आगे बढ़ने वालों को केंद्रीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई ने सचेत किया है। आरबीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा है कि अगर आपको RBI या किसी संस्था के नाम पर बिना मांगे बड़ी रकम जैसे लॉटरी/ टैक्स रिफंड का ऑफर मिलता है तो उसपर भरोसा न करें। आरबीआई के मुताबिक कभी भी अपना पिन, ओटीपी या बैंक खाते का विवरण साझा न करें।
इसके साथ ही आरबीआई ने ये भी कहा है कि अपने खाते में लेनदेन पर तुरंत अलर्ट पाने के लिए बैंक में अपना मोबाइल नंबर और ईमेल रेजिस्टर करें। इसके साथ ही धोखाधड़ी होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें।
आपको बता दें कि केंद्रीय रिजर्व बैंक समय-समय पर ग्राहकों को अलर्ट करता रहता है। रिजर्व बैंक ने इसके लिए RBI Says के नाम से एक ट्विटर अकाउंट भी बना रखा है। इस ट्विटर अकाउंट के जरिए ग्राहकों को अलग-अलग तरह से अलर्ट किया जाता है। इसके अलावा जरूरी जानकारियां भी दी जाती है।
इसके अलावा आरबीआई ब्रांड एंबेस्डर अमिताभ बच्चन के वीडियो क्लिप भी साझा करता है। इस वीडियो क्लिप में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन लोगों को सचेत करते हैं और आरबीआई से संबंधित जानकारियां साझा करते हैं।







