जम्मू-कश्मीर के बारामूला के सोपोर में सोमवार को होली के दिन आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में एक पार्षद की मौत हो गई, जबकि एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है। आतंकियों ने सोपोर में स्थित म्यूनिसिपल ऑफिस में गोलीबारी करके इस आतंकी हमले को अंजाम दिया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी हमले पर बयान दिया कि इस आतंकी घटना में पुलिस कर्मी शफाकत अहमद शहीद हो गए हैं। इसमें एक पार्षद रियाज अहमद की मौत हुई है, जबकि एक और पार्षद शम्स-उद-दीन पीर घायल हो गए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं, कश्मीर पुलिस के आईजी विजय कुमार ने भी दो लोगों के हताहत होने की जानकारी दी है।
Terrorists fired at Municipal Office Sopore. In this terror incident, police personnel Shafqat Ahmad & councillor Riyaz Ahmad died & councillor Shams-ud-din Peer was injured. Area cordoned off & details awaited: Jammu and Kashmir Police
— ANI (@ANI) March 29, 2021
बता दें कि पिछले महीने भी आतंकियों ने श्रीनगर के बारजुला इलाके में सरेआम पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई थी। इस घटना का सनसनीखेज वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आतंकी पुलिसकर्मियों पर बेहद करीब से फायरिंग करके भागते दिख रहे थे। आतंकी कपड़ों में बंदूकें छिपा कर लाए थे। वहीं, बीते गुरुवार को श्रीनगर में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इसम हमले में भी दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने कहा था कि शुरुआती जांच के मुताबिक, हमले में लश्कर ए तैयबा का हाथ है।







