इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका देकर फिल्ममेकर और मंदिरा बेदी के पति राज कौशल इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन के बाद सामने आई तस्वीरों में मंदिरा को रोते हुए देख सभी का दिल टूट गया। राज कौशल के निधन को लेकर कई सेलेब्रिटीज सोशल मीडिया के जरिए दुख जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं अपने खास दोस्त राज के निधन की खबर सुनकर एक्टर रोनित रॉय इस कदर टूट गए हैं कि उन्होंने कह दिया कि वो राज को जाने के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।
ऐसे दोस्त थे राज
राज कौशल के अंतिम संस्कार पर रोहित रॉय, अपूर्व अग्निहोत्री, समीर सोनी, डीनो मोरिया समेत कई सेलेब्रिटीज पहुंचे थे। वहीं, एक लीडिंग डेली से बात करते हुए रोहित ने राज के निधन को लेकर भावनाएं जाहिर करते हुए कहा- ‘ऐसा कोई तरीका नहीं है जिससे राज के जाने का गम बर्दाश्त किया जा सके। वो एक खुशमिजाज, पॉजिटिव और उत्साह से पूर्ण इंसान थे। वो कभी किसी के बारे में कुछ निगेटिव नहीं कहते थे… ना ही किसी के पास उनके लिए कुछ निगेटिव कहने के लिए होता था। वो ऐसे दोस्त थे कि जिनके लिए लोग अपना हाथ तक देने के लिए तैयार हो जाएं। वो मुश्किल वक्त में लोगों के साथ खड़े रहते थे। मैं उन्हें बिना अलविदा कहे जाने के लिए कभी माफ नहीं कर पाऊंगा’।
शेयर किया था इमोशनल पोस्ट
इससे पहले रोहित ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर राज के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए उनके जाने पर दुख जाहिर किया था। रोहित ने लिखा था- ‘आप जितने भी लोगों से मिले होंगे उन सबमें सबसे बेहतरीन इंसान… और अगर आप लकी थे तो आप इन्हें दोस्त कह पाए होंगे। और बस ऐसे ही बिना गुडबाय कहे वो चले गए, मैं दर्द से सुन्न पड़ गया हूं और सदमे में हूं। ये सही नहीं है, बिल्कुल सही नहीं है’।







