मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड टीकाकरण के बीच लोगों में जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाने के लिए होड़ मची है। छिंदवाड़ा में तो एक टीकाकरण केंद्र पर भगदड़ मच गई है। टीकाकरण केंद्र में घुसने के लिए ऐसी होड़ मची कि लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए। घटना कैमरे में भी कैद हुई है। गनीमत रही कि भगदड़ में कोई हताहत नहीं हुआ।
छिंदवाड़ा के लोधीखेड़ा गांव में गुरुवार को 200 टीके ही उपलब्ध हो पाए थे, जबकि टीकाकरण केंद्र के बाहर करीब 2 हजार लोग एकत्रित हो चुके थे। सुबह से ही लोग कतार में खड़े थे। बताया जा रहा है कि केंद्र पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
#WATCH | Madhya Pradesh: A stampede-like situation seen at a #COVID19 vaccination centre in Chhindwara, Lodhikheda as people rush to get inoculated. (01.07.2021) pic.twitter.com/slK5nmbmlF
— ANI (@ANI) July 2, 2021
निर्धारित समय पर जब टीकाकरण केंद्र का ताला खोला गया तो लोग हॉल में प्रवेश के लिए होड़ मचाने लगे। हर कोई चाहता था कि हॉल के अंदर घुसकर टीका सुनिश्चित कर लिया जाए। वीडियो में दिख रहा है कि लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़कर घुसने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान कई महिलाएं गिर जाती हैं।







