Tesla की सेल्फ-ड्राइव कार अडवांस टेक्नॉलजी का एक शानदार नमूना है, लेकिन इस टेक्नॉलजी में अभी और सुधार की गुंजाइश बाकी है। हाल में एक ऐसा वाक्या हुआ जिसे देखकर ऐसा माना जा रहा है कि टेस्ला की सेल्फ ड्राइव कार के ऑटो-पायलट सिस्टम को एक अपडेट की जरूरत है। यह वाक्या कुछ दिन पहले का है, जिसमें कार आसमान में दिख रहे चांद को ट्रैफिक लाइट समझकर अपनी स्पीड को बार-बार कम करना चाह रही थी।
कार में आ रही इस दिक्कत ने बढ़ाई मालिक की टेंशन
बीते दिनों टेस्ला कार खरीदने वाले Jordan Nelson अपनी हाई-टेक सेल्फ ड्राइव टेस्ला कार से कहीं जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा की उनकी कार की स्पीड बिना वजह बार-बार स्लो हो रही थी। नेल्सन ने कार में आ रही इस दिक्कत को समझने की कोशिश की, लेकिन उन्हें तत्काल कुछ समझ नहीं आया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें कार के स्लो होने की असल वजह का पता चल गया।
यह भी पढ़ें: BSNL और Vi के प्लान में जबर्दस्त फायदा, अनलिमिटेड डेटा के साथ मिलेगा फ्री कॉलिंग का मजा
कार ने चांद को समझा ट्रैफिक सिग्नल का येलो लाइट
अपनी पड़ताल में नेल्सन ने पाया कि उनकी कार चांद को येलो ट्रैफिक लाइट समझ रही है और इसी कारण वह बार-बार कार अपनी रफ्तार को कम करने की कोशिश कर रही थी। कार की इस अजीब परेशानी को झेलने वाले नेल्सन ने इसके बारे में ट्विटर पर कंपनी के सीईओ Elon Musk को टैग करते हुए एक वीडियो पोस्ट भी शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने एलन मस्क को टैग करते हुए लिखा कि उन्हें अपनी टीम को कार के ऑटोपायलट सिस्टम की जांच करने के लिए कहना चाहिए।
यह भी पढ़ें: लॉन्च से पहले लीक हुई Samsung के दमदार स्मार्टफोन Galaxy A52s की कीमत, जानिए क्या होगा खास
एलन मस्क की तरफ से नहीं आया कोई जवाब
नेल्सन द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को अबतक 10 लाख से ज्यादा व्यू मिल चुके हैं। इंटरनेट पर इस वीडियो पर कई कमेंट भी आए जिनमें यूजर्स ने सेल्फ ड्राइव कार के ऑटोपायलट सिस्टम और पैसेंजर की सेफ्टी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। इस मामले में फिलहाल एलन मस्क की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।







