गौतम अडानी के अगुवाई वाली अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) के निवेशकों को बड़ा मुनाफा हुआ है। दरअसल, बीते मंगलवार को अडानी पोर्ट्स ने बताया कि उसे आंध्र प्रदेश सरकार से गंगावरम पोर्ट लिमिटेड (जीपीएल) की 10.4 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। ये डील 644.78 करोड़ रुपए की है और लेनदेन 1 महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद अडानी ग्रुप की जीपीएल पर पूरी 100 फीसदी हिस्सेदारी हो जाएगी। बता दें कि जीपीएल आंध्र प्रदेश के उत्तरी हिस्से में विशाखापत्तनम बंदरगाह के पास स्थित है।
निवेशकों को हुआ फायदा: इस खबर के बीच अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) के निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा हुआ है। कंपनी का शेयर भाव दो फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 710 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। प्रति शेयर निवेशकों को 15 रुपए से ज्यादा का फायदा हुआ है।कंपनी के मार्केट कैपिटल की बात करें तो 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपए है।
बता दें कि बीते अप्रैल महीने में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने अडानी पोर्ट्स के गंगावरम पोर्ट लिमिटेड में 89.6 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दी थी। इससे पहले, मार्च महीने में कंपनी ने घोषणा की थी कि वह डीपीएस राजू और परिवार से गंगावरम पोर्ट (जीपीएल) में नियंत्रक हिस्सेदारी का 3,604 करोड़ रुपए में अधिग्रहण करेगी। इससे जीपीएल में उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 89.6 फीसदी हो गई थी।
शिखर पर शेयर बाजार : सेंसेक्स का नया रिकॉर्ड, निफ्टी 16,650 अंक के पार
अडानी पोर्ट्स ने जीपीएल में डीवीएस राजू और परिवार की 58.1 फीसदी के अलावा वारबर्ग पिन्कस की 31.5 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी। कुल मिलाकर अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) की जीपीएल में 89.6 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई थी।







