विजया डायग्नोस्टिक सेंटर लिमिटेड और स्पेशलिटी केमिकल्स निर्माता एमी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की शेयर बाजार में लिस्टिंग हो गई है। इन दोनों कंपनियों ने आईपीओ लॉन्च किया था। आइए जानते हैं कि जिन निवेशकों को आईपीओ मिला, उन्हें कितना फायदा हुआ है।
विजया डायग्नोस्टिक: इस कंपनी के शेयरों ने मंगलवार को शेयर बाजार में ठंडी शुरुआत की और आईपीओ खुलने पर 531 रुपये के निर्गम मूल्य पर जारी हुए उसके शेयर केवल दो प्रतिशत से अधिक के प्रीमियम पर सूचीबद्ध हुए। बीएसई पर शेयर निर्गम मूल्य की तुलना में 2.12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 542.30 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में बीएसई इंडेक्स पर शेयर का भाव 619.30 रुपए पर यानी 14.20 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ।
इस महीने की शुरुआत में विजया डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 4.54 गुना ज्यादा आवेदन मिले थे। 1,895 करोड़ रुपये का आईपीओ पूरी तरह से 3,56,88,064 इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव था। आईपीओ के तहत कीमत 522-531 रुपये प्रति शेयर रखी गयी थी।
एमी ऑर्गेनिक्स : स्पेशलिटी केमिकल्स निर्माता एमी ऑर्गेनिक्स लि. के शेयर 610 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 49 प्रतिशत से अधिक के भारी प्रीमियम के साथ सूचीबद्ध हुए। आईपीओ खुलने पर कंपनी के शेयर 610 रुपये पर जारी हुए थे। कंपनी के शेयरों ने बीएसई पर अपने निर्गम मूल्य से 47.86 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 902 रुपये पर पर्दापण किया।
जेट एयरवेट के उड़ान की खबर ने बदली निवेशकों की किस्मत, खूब बना रहे पैसे
इसके बाद यह 52.29 प्रतिशत उछलकर 929 रुपये पर पहुंच गया। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में एमी ऑर्गेनिक्स के 569.63 करोड़ रुपये के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 64.54 गुना ज्यादा आवेदन मिले थे। आईपीओ के तहत कीमत 603-610 रुपये प्रति शेयर रखी गयी थी।







