भले ही मीडिया कंपनी एनडीटीवी ने अफवाहों पर विराम लगा दिया हो लेकिन कंपनी के स्टॉक के भाव रॉकेट की तरह बढ़ रहे हैं। मंगलवार को एनडीटीवी स्टॉक में लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट लग गया है।
कितन है शेयर का भाव: मंगलवार को शुरुआती कारोबार में ही एनडीटीवी का स्टॉक 9 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 87.60 रुपए पर पहुंच गया है। ये 52 सप्ताह का हाई लेवल है। बता दें कि सोमवार को बीएसई इंडेक्स में कंपनी का शेयर 9.94 प्रतिशत उछलकर 79.65 रुपए के भाव पर था। सोमवार को भी शेयर में अपर सर्किट लगा था।
कब लगता है अपर सर्किट: आपको बता दें कि किसी स्टॉक में अपर सर्किट तब लगता है जब अचानक शेयर की ज्यादा खरीदारी होने लगती है। ऐसे में सेबी के नियमों के मुताबिक अपर सर्किट लगा दिया जाता है। सेबी की ओर से ये कदम शेयर खरीदने से रोक लगाने के लिए उठाया जाता है। मतलब ये हुआ कि दिन के कारोबार में निवेशक नए स्टॉक नहीं खरीदे जा सकेंगे।
उड़ी थी ये अफवाह: दरअसल, मीडिया में यह अफवाह थी कि एनडीटीवी में नियंत्रणकारी हिस्सेदारी अडानी समूह ले सकता है। इस अफवाह को बल तब मिल गया जब सीनियर जर्नलिस्ट संजय पुगलिया के अडानी समूह को ज्वाइन करने की खबर आई। हालांकि, एनडीटीवी ने इसे अफवाह बताया और इस प्रकार की किसी भी बातचीत से इनकार किया।
SBI कार्ड्स में हिस्सेदारी बेचेगा कार्लाइल ग्रुप, निवेशकों को बड़ा झटका
एनडीटीवी ने क्या कहा: एनडीटीवी ने अपने स्पष्टीकरण में कहा, ‘‘ नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड के संस्थापक-प्रवर्तक और पत्रकार राधिका तथा प्रणय रॉय ने एनडीटीवी के स्वामित्व में बदलाव या हिस्सेदारी बेचे जाने के संदर्भ में किसी भी संस्था के साथ बातचीत न तो अभी कर रहे हैं और न की है।’’ दोनों व्यक्तिगत रूप से और अपनी कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग्स प्राइवेट लि. के जरिये एनडीटीवी में कुल चुकता शेयर पूंजी का 61.45 प्रतिशत हिस्सेदारी रखे हुए हैं।







