अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व के फैसले आ गए हैं। फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है लेकिन साथ ही आने वाले दिनों में कटौती के भी संकेत दे दिए हैं। इस वजह से विदेशी निवेशकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और अमेरिका के स्टॉक मार्केट के बाद अब भारतीय शेयर बाजार भी रॉकेट की तरह आगे बढ़ रहा है।
सेंसेक्स में बड़ी बढ़त: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 500 अंक तक मजबूत होकर 59,400 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा निफ्टी में भी जबरदस्त तेजी आई है और ये इंडेक्स एक बार फिर 17,700 अंक के पार कारोबार करता दिखा है। आपको बता दें कि सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई लेवल 59737 अंक है। सेंसेक्स को ये सफलता 17 सितंबर को मिली थी।
बैंकिंग शेयर में उत्साह: बीएसई इंडेक्स पर बैंकिंग और फाइनेंस से जुड़े शेयर में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है। इसके अलावा एलएंडटी, इन्फोसिस, रिलायंस, एयरटेल जैसे बड़े शेयर में भी बढ़त दर्ज की गई है। आपको बता दें कि दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का करीब 21,000 करोड़ रुपये का राइट इश्यू पांच अक्टूबर को खुलेगा। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा है कि राइट इश्यू की पात्रता को लेकर रिकार्ड तिथि 28 सितंबर तय की गई है।
डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से करते हैं भुगतान तो 1 अक्टूबर से बदल रहा है यह नियम
बुधवार को बाजार का हाल: बीते बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। सेंसेक्स 77.94 अंक या 0.13 फीसदी गिरकर 58,927.33 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 15.30 अंक या 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 17,546.70 अंक पर ठहरा।







