Singhu Border: करीब 11 महीन से किसानों का प्रदर्शन दिल्ली की सीमाओं पर जारी है. इस बीच आज सिंघु बॉर्डर पर जमकर हंगामा हुआ. हिन्द मजदूर किसान समिति के कार्यकर्ता सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे थे और बैरिकेड को हटाने की कोशिश की. हंगामा होने पर नरेला पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया.
हिन्द मजदूर किसान समिति के कार्यकर्ता हाल ही में निहंगों द्वारा हाल में की गई लखबीर सिंह हत्या को लेकर नाराजगी जताते हुए सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे थे. इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई. संगठन की मांग है कि लखबीर सिंह के परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए.
पिछले दिनों लखबीर सिंह की सिंघु बॉर्डर पर नृशंस हत्या कर दी गई थी और हाथ काटकर उसके शव को बैरिकेड से लटका दिया गया था. उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई घाव किये गए थे. आरोपी निहंगों का दावा है कि पंजाब के तरन तारन के निवासी लखबीर ने सिखों की धार्मिक पुस्तक की बेअदबी की थी इसलिए उसे सजा दी गई. इस मामले में कई आरोपियों ने सरेंडर किया है.







