नामीबिया के तेज गेंदबाज रुबेन ट्रंपलमैन ने बुधवार को स्कॉटलैंड के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए एक ही ओवर में एक नहीं, दो नहीं, बल्कि तीन-तीन विकेट झटक लिए। खास बात यह है कि यह उनका पारी का पहला ही ओवर था। करियर का छठा मैच खेल रहे ट्रंपलमैन ने अपने करियर की बेस्ट बॉलिंग करते हुए 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उन्होंने इस दौरान स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुंसे, कैलम मैकलियोड और फिर कप्तान रिची बैरिंगटन को पवेलियन की राह दिखाई। उनके इस शानदार प्रदर्शन की वजह से स्कॉटलैंड निर्धारित 20 ओवरों में मात्र 109 रन ही बना सका।
ट्रंपलमैन के अलावा जेन फ्राइलिंक ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह सिर्फ दूसरा मौका है, जब किसी गेंदबाज ने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाए हैं। इससे पहले जून 2019 में श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसके अलावा ट्रंपलमैन टी-20 क्रिकेट में तीन विकेट हासिल करने वाले ओवरऑल पांचवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले शोएब अख्तर, यासिर अराफात, एंजेलो मैथ्यूज और वेस्टइंडीज के फिडेल एडवर्ड्स यह कारनामा कर चुके हैं।
ICC T20 WC 2021: टीम की भलाई की खातिर स्टीव स्मिथ ने लिया बड़ा फैसला, हर कोई कर रहा तारीफ
स्कॉटलैंड की पारी में लगे मात्र 7 चौके और दो छक्के
नामीबिया के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इससे लगता है कि स्कॉटलैंड की पारी में सिर्फ सात चौके और दो छक्के लगे। स्कॉटलैंड का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे माइकल लीस्क 44 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा क्रिस ग्रीव्स ने 25 और सलामी बल्लेबाज मैथ्यू क्रॉस ने 19 रनों की पारी खेली। ट्रंपलमैन की गेंदबाजी की एक खासियत यह भी रही कि उन्होंने जो तीन विकेट हासिल किए, उन दौरान कोई भी बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खो सका।







