शादी का सीजन चल रहा है। इस सीजन में सोने की खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। दरअसल, सोने की कीमत में लगातार गिरावट आ रही है। बीते पांच दिनों में ये 1600 रुपए तक सस्ता हो गया है। हालांकि, गुरुवार के कारोबार में सोने की कीमत में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। फिलहाल, भारतीय बाजार में सोने की कीमत 47,530 प्रति 10 ग्राम है। वहीं, चांदी की बात करें तो इसकी कीमत 62,981 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार के आरंभिक कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे की गिरावट के साथ 74.55 रुपये प्रति डॉलर रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,795 डॉलर प्रति औंस था, जबकि चांदी की कीमत 23.65 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को कॉमेक्स (न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज) में सोने की हाजिर कीमत 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,795 डॉलर प्रति औंस हो गया जिससे सोने की कीमतों में मजबूती रही।’’







