Kashi Vishwanath Corridor Inauguration Live: काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने जो संकल्प लिया था, आज वो पूरा हो रहा है. आज पीएम मोदी काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण करने उत्तर प्रदेश की नगरी और अपने संसदीय क्षेत्र बनारस (Varanasi) पहुंच रहे हैं. पीएम मोदी क्रूज के जरिए घाट पर पहुंचेंगे, कलश में गंगाजल भरेंगे और फिर उसी जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का हर एक हिस्सा सज-धजकर पूरी तरह तैयार है.
शिव के रंग में रंगी नजर आई काशी
इस बेहद खास कार्यक्रम के लिए काशी विश्वनाथ कॉरिडोर ही नहीं, बल्कि पूरे बनारस में विशेष इंतजाम किए गए हैं. पीएम मोदी के आने से पहले ही काशी शिव के रंग में रंगी नजर आई. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ खिड़किया घाट पहुंचे. यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आगमन के लिए बन रहे हेलिपैड, सीएनजी पेट्रोल पंप सहित और दूसरे निर्माण कार्यों का जायजा लिया. योगी आदित्यनाथ और जेपी नड्डा ने अपने परिवार सहित काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की.
पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां पूरी
वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. स्वागत की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चक तीर्थराज त्रिपाठी ने कहा, “प्रधानमंत्री आज हमारे अतिथि हैं. काशीवासी उनका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने 2 दिन के वाराणसी दौरे पर हैं. इस दौरान वे आज श्री काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन करेंगे.







