Economic Survey 2022: अर्थव्यवस्था की स्थिति की जानकारी देने और नीतिगत ‘नुस्खे’ सुझाने के लिए केंद्रीय बजट से पहले संसद में पेश की जाने वाली आर्थिक समीक्षा अक्सर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पूर्वानुमान पर चूक जाती है। कभी-कभी तो यह चूक बड़े अंतर से होती है। बजट सत्र की शुरुआत सोमवार यानी आज से होने जा रही है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में संबोधन के साथ सत्र की शुरुआत होगी। सत्र के पहले दिन यानी आज दोनों सदनों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। आर्थिक सर्वेक्षण में मौजूदा वित्त वर्ष का लेखा-जोखा होता है। इसमें अर्थव्यवस्था के वर्तमान हालातों की जानकारी दी जाती है।
यह अर्थव्यवस्था की प्रमुख चिंताओं पर भी ध्यान केंद्रित करता है। आर्थिक सर्वेक्षण से अगले साल के बजट का संकेत भी मिल जाता है। इसको मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) की देखरेख में तैयार किया जाता है। संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश होने के बाद सीईए डॉ. वी अनंत नागेश्वरन 3 बजकर 45 मिनट पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
चालू वित्त वर्ष में अनुमान से कम आर्थिक वृद्धि की संभावना
इस बार सोमवार को संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण के तुरंत बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2021-22 के लिए आर्थिक समीक्षा लोकसभा में पेश करेंगी। वह एक अप्रैल, 2022 से शुरू होने वाले अगले वित्त वर्ष के लिए मंगलवार को आम बजट पेश करेंगी। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) के नेतृत्व वाली टीम द्वारा तैयार की जाने वाली बजट-पूर्व आर्थिक समीक्षा में निगाहें मुख्य तौर जिन विषयों पर होती हैं, उनमें से एक है अगले वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का अनुमान। सरकार ने अर्थशास्त्री वी अनंत नागेश्वरन को हाल में नया सीईए नियुक्त किया है। उन्होंने के वी सुब्रमण्यम की जगह ली है, जिनका तीन वर्ष का कार्यकाल दिसंबर, 2021 में पूरा हो गया था।
सदन में आज पेश होगा आर्थिक सर्वे, बजट से एक दिन पहले ही क्यों? समझें- अहमियत
2021-22 की आर्थिक समीक्षा को लेकर उम्मीद है कि वैश्विक महामारी से पुनरुद्धार की दिशा में बढ़ने के संकेत दे रही एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को देखते हुए इसमें अगले वित्त वर्ष के लिए वृद्धि का अनुमान लगभग नौ फीसदी रखा जाएगा। जनवरी, 2021 में पेश पिछली आर्थिक समीक्षा में 2021-22 के लिए 11 फीसदी आर्थिक वृद्धि रहने का अनुमान जताया गया था। हालांकि, भारत के सांख्यिकीय मंत्रालय का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि केवल 9.2 फीसदी ही रहेगी।
पिछली आर्थिक समीक्षा में अनुमान लगाया गया था कि अर्थव्यवस्था का संकुचन 6-6.5 फीसदी रह सकता है, लेकिन यह अनुमान कोविड महामारी का प्रकोप शुरू होने के महीनों पहले का था, अंतत: 2020-21 में अर्थव्यवस्था का संकुचन 7.3 फीसदी रहा। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मार्च, 2020 के बाद देश में सख्त लॉकडाउन लगाने के कारण आर्थिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। हालांकि, चालू वित्त वर्ष में भारत का दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बनना तय है।







