कांग्रेस नेता और पूर्व पुद्दुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बुधवार को सीएम एन रंगासामी से अपील की है कि अल्पसंख्यकों के धार्मिक रीति-रिवाजों में दखलअंदाजी करने वालों के खिलाफ वो मुंह खोलें। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए ताकि केंद्र शासित प्रदेश की धार्मिक शांति की सुरक्षा की जा सके।
वर्चुअल माध्यम के जरिए पत्रकारों से बातचीत में नारायणसामी ने कहा कि पड़ोसी अरियानकुप्पम के एक स्कूल में टीचर ने क्लास के दौरान छात्रा को हिजाब हटाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, ‘शिक्षक द्वारा छात्रा को इस तरह का आदेश देना बेहद निंदनीय है। इससे साफ पता चलता है कि शिक्षक अल्पसंख्यक समुदाय की धार्मिक रिवाजों में दखलअंदाजी कर रहे हैं।’ इस घटना का जिक्र करने के बाद उन्होंने सीएम से हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि यहां सामाजिक सौहार्द और शांति बनी रहे।
नारायणसामी ने कहा कि कुछ ऐसी रिपोर्ट्स भी हैं जिनमें कहा जा रहा है कि गृह और शिक्षा मंत्री ए नमासिव्यम के विधानसभा क्षेत्र मन्नादीपेट में स्थित एक स्कूल में जबरन योग करवाया जा रहा है। पूर्व सीएम ने कहा कि यह दोनों मुद्दे शांति से प्रेम करने वाले पुद्दुचेरी के लोगों के लिए गंभीर हैं। नारायणसामी ने कहा कि कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद ठीक नहीं। उन्होंने कहा, ‘ऐसे हालात पुद्दुचेरी में नहीं बनना चाहिए।’ उन्होंने केंद्रशासित प्रदेश की सरकार से अपील की वो राज्य में ऐसे मुद्दों को सिर ना उठाने दें।







