सोमवार की तेज गिरावट के बाद आज यानी मंगलवार को शेयर बाजार मजबूती से खुले। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 624 अंकों की बढ़त के साथ 33853 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी दिन के कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ की। सोमवार को सेंसेक्स 552 अंकों की गिरावट के साथ 33228 के स्तर बंद हुआ था तो वहीं निफ्टी भी 159 अंक लुढ़क कर 9813 के स्तर पर बंद हुआ। इंडसइंड बैंक टॉप लूजर रहा।
यह भी पढ़ें: 10वें दिन भी पेट्रोल-डीजल हुए महंगे, ऐसे चेक करें अपने शहर का रेट
सोमवार को अमेरिकी बाजारों में भी शानदार रिकवरी दिखी थी। उतार-चढ़ाव के बाद डाऊजोंस बढ़त पर बंद हुआ था। डाऊ जोंस निचले स्तरों से करीब 900 अंक सुधरा था। एसएंडपी 500 और नैस्डैक भी निचले स्तरों से 2 फीसदी सुधरे थे।
केन फिन होम्स का शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 91 करोड़ रुपये हुआ
केनरा बैंक की आवास वित्तपोषण शाखा केन फिन होम्स ने सोमवार को बताया कि ब्याज आय में बढ़ोतरी के चलते मार्च 2020 तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 91 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने मार्च 2019 को समाप्त तिमाही के दौरान 66.92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया था। कंपनी ने हालांकि दिसंबर 2019 को समाप्त तिमाही में 106.61 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया था। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि जनवरी-मार्च 2020 के दौरान उसकी आय बढ़कर 525.86 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे एक साल पहले की समान अवधि में 462.93 करोड़ रुपये थी। निदेशक मंडल ने सोमवार को अपनी बैठक में प्रति शेयर दो रुपये के लाभांश की सिफारिश की।
सेबी ने भेदिया कारोबार मामले में 3.83 करोड़ रुपये जब्त करने का आदेश दिया
पूंजी बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को एक भेदिया कारोबार मामले में डायनामेटिक टेक्नालॉजीज लिमिटेड (डीटीएल) के प्रबंध निदेशक और सीईओ उदयंत मल्होत्रा की 3.83 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को जब्त करने का आदेश दिया। सेबी ने एक आदेश में कहा, ”यूपीएसआई अवधि के दौरान किए गए सौदों में होने वाले अनुमानित नुकसान की राशि 3.83 करोड़ रुपये को तत्काल प्रभाव से उदयंत मल्होत्रा से जब्त किया जाए। नियामक ने अगस्त-नवंबर 2016 के बीच डायनामेटिक टेक्नालॉजीज लिमिटेड (डीटीएल) के शेयरों में संभावित भेदिया कारोबार की जांच की।







