Edited By Ashok Upadhyay | नवभारतटाइम्स.कॉम | Updated:
नई दिल्ली
भारत सरकार ने नई दिल्ली में स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग (high commission) में कर्मचारियों की संख्या आधी करने का फैसला लिया है। विदेश मंत्रालय की ओर से इस संबंध में कहा गया कि भारत सरकार ने पाक उच्चायोग में कर्मचारियों की संख्या 50 फीसदी घटाने का निर्णय किया है। इसके साथ ही इस्लामाबाद में अपनी उपस्थिति कम की जाएगी।
इसके अलावा पाकिस्तान के उपराजदूत को बुलाया गया था और उनसे कहा गया कि भारत उनके उच्चायोग में कार्यरत कर्मचारियों की गतिविधियों को लेकर लगातार चिंता जताता रहा है। वह जासूसी और आतंकी संगठनों के साथ गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। उदाहरण के तौर पर 31 मई को दो पाकिस्तान अधिकारी रंगे हाथ पकड़े गए थे। जिन्हें देश से बाहर किया गया था।
दो अधिकारी और एक ड्राइवर जासूसी करते पकड़े गए थे
दरअल, दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) ने पाकिस्तानी हाई कमीशन के दो अधिकारियों और उनके एक ड्राइवर को जासूसी करते पकड़ा था। भारत सरकार ने इन सभी को जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पर्सन नॉन ग्रेटा (अवांछित व्यक्ति) करार देते हुए 24 घंटे के अंदर देश छोड़ने का आदेश जारी किया था। ये दोनों अधिकारी हाई कमीशन में वीजा एसिस्टेंट के पद पर तैनात थे।







