शिवराज सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी की कार्यशैली की खूब सराहना हो रही है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद अब इमरती देवी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी पसंदीदा मंत्री बन गई हैं। दरअसल, कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी की तारीफ करते हुए कहा कि जब उन्होंने विभागों की समीक्षा की तो महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने जो विभाग की कठिनाइयां बताई उससे समझ में आया कि वह बहुत गहराई तक अपने विभाग में काम कर रही हैं।
बता दें कि इमरती देवी शिवराज कैबिनेट में सिंधिया कोटे की मंत्री हैं। इससे पहले भी कमलनाथ सरकार में वह महिला एवं बाल विकास मंत्री के पद पर थीं। हालांकि इमरती देवी की शिक्षा को लेकर कई बार सवाल भी खड़े हुए हैं।
सीएम शिवराज सिंह ने बैठक में अपने सभी मंत्रियों को कहा कि वह जुलाई माह में अपने विभागों को अच्छे से समझ लें। अगस्त के महीने में वह सभी विभागों की समीक्षा खुद करेंगे। शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को अपने विभागों को लेकर सजग रहने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री हर सोमवार को अपने विभाग की समीक्षा करें और उसके बारे में मीडिया को भी जानकारी दें। जिससे कि किए जा रहे प्रयास जनता तक पहुंचे। उन्होंने कहा प्रत्यक्ष रूप से जनता से नहीं जुड़ पाने पर मीडिया व सोशल मीडिया माध्यमों का भरपूर उपयोग किया जाए।
सीएम का आदेश- मंत्रालय में भीड़ न हो
सीएम ने मंत्रियों से कहा कि ‘विभागों के कार्यक्रम वर्चुअल करें, मैं भी वर्चुअल कार्यक्रम करूंगा। लोकार्पण शिलान्यास की सूची आप लोग बनवाएं, मैंने भी यह सूची बनवाई है। सीएम ने मंत्रियों से कहा कि आप जब भी एमएलए-एमपी से मिलें तो भीड़ इकट्ठी न होने दें। कोई भी एमएलए और एमपी वल्लभ भवन में भीड़ लेकर के न आए आपको यह आग्रह करना है। कोरोना वायरस को लेकर सावधानी जरूरी है।
आत्मनिर्भर एमपी पर फोकस
सीएम ने कहा कि आत्म निर्भर एमपी के रोड मैप के लिए बने ग्रुप में आप सभी मंत्री किसी ना किसी ग्रुप में है आप जिस भी ग्रुप में हैं। उसकी मीटिंग तय कर आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोड मैप के लिए काम करना शुरू कर दें।







