भारत में कोरोना वायरस हर दिन एक नया रिकॉर्ड बनाते जा रहा है। देश में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 83,883 नए संक्रमित मिले। इसी के साथ गुरुवार को कुल मामलों की संख्या 38 लाख को पार कर गई। साथ ही देश में बुधवार को एक दिन में रिकॉर्ड 11.70 लाख नमूनों की जांच की गई। वहीं, एक दिन में रिकॉर्ड 68,584 मरीज स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। इस तरह से कोरोना ने एक दिन में तीन-तीन रिकॉर्ड बनाए। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 38,53,406 हो गए हैं। वहीं, बुधवार को 24 घंटे में 1,043 और लोगों की मौत होने से गुरुवार सुबह मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 67,376 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि कोरोना संक्रमण से मरने वाले 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहले से भी कोई बीमारी थी। 

बच्चों में एंटीबॉडी भी नहीं रोक सकता कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा: शोध

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 8,15,538 कोरोना मरीजों का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 21.16 प्रतिशत है। देश में सात अगस्त को कोविड-19 के मामले 20 लाख के पार चले गए थे, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख का आंकड़ा पार किया था।

स्वस्थ होने की दर बढ़ी, मृत्यु दर घटी
मंत्रालय ने बताया कि इनमें से 29,70,492 मरीजों के ठीक होने से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 77.09 प्रतिशत हो गई है। बुधवार को 24 घंटे में 68,584 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। जबकि, कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर गिरकर 1.75 प्रतिशत रह गई है।

देश में 24 घंटों में 11.70 लाख जांचें की गईं
आईसीएमआर के अनुसार के अनुसार देश में दो सितंबर तक कुल 4,55,09,380 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से रिकॉर्ड 11,72,179 नमूनों की जांच बुधवार को ही की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा कि भारत में जांच में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों में 11.70 लाख से अधिक जांचें की गईं। मंत्रालय ने कहा कि आज की तारीख में 1,623 प्रयोगशालाएं (लैब) हैं, जिनमें 1,022 सरकारी हैं जबकि 601 निजी क्षेत्र के हैं। 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here