हाइलाइट्स:

  • ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हाथरस जाने वाले नेताओं से बदसलूकी हो रही है
  • प्रियंका और राहुल गांधी तक को नहीं बख्‍शा गया, संजय सिंह पर स्‍याही फेंकी गई
  • ऐसे माहौल में मैं या हमारे कार्यकर्ता हाथरस लात खाने क्‍यों जाएं: ओमप्रकाश राजभर

हरदोई
हाथरस कांड के बाद पूरे देश में सियासत तेज हो गई है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं में हाथरस जाने की होड़ मच गई है मगर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओपी राजभर पिटाई के डर से हाथरस नहीं गए। यह हम नही कह रहे हैं, उन्होंने खुद स्वीकार किया है। संडीला में संघठन की समीक्षा करने आए ओपी राजभर ने एनबीटी ऑनलाइन से बातचीत में कहा कि हम नहीं चाहते कि हमारे लोग हाथरस जाकर पीटे जाएं। जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज किया गया, राहुल और प्रियंका गांधी के साथ जो घटना हुई, आप सांसद संजय सिंह पर स्याही फेंकी गई। जब रोज मैं देख रहा हूं कि विपक्षी दलों के नेताओं के साथ इतना बुरा बर्ताव हो रहा है तो मैं वहां लात खाने क्यों जाऊं ?

राजभर ने कहा कि पूरे उत्‍तर प्रदेश में आए दिन रेप की वारदातें हो रही हैं। जिस तरह से विपक्षी पार्टियों को हाथरस जाने से रोका जा रहा है उससे साफ पता चलता है कि साक्ष्य छुपाने, अधिकारियों और आरोपियों को बचाने के लिए पूरी सरकार लगी हुई है। हाथरस की बेटी के साथ जो घटना घटी वह निंदनीय है। यूपी सरकार नहीं चाहती कि गरीब पिछड़े लोगों को न्याय मिले। यह लोकतंत्र के लिए बहुत दुखद घटना है। पूरे प्रदेश में आए दिन बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।

संडीला में सियासी जमीन तैयार कर रहे राजभर
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर अपनी पार्टी के लिए सियासी जमीन तैयार करने में जुटे हैं। उनकी नजर संडीला विधानसभा पर भी है। अपने मंत्री काल से लेकर अबतक काफी समय उन्होंने संडीला विधानसभा में दिया है। उन्होंने सेक्टर से लेकर बूथ तक कार्यकर्ता बनाने पर जोर दिया। राजभर ने कहा कि वे भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर सूबे की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 300 सीटों पर अकेले वो तैयारी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है। पदाधिकारी बनाए जा रहे हैं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here