भारतीय रिजर्व बैंक के ट्विटर पर फालोअर्स की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। रिजर्व बैंक यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला केंद्रीय बैंक है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर 10 लाख फालोअर्स के साथ रिजर्व बैंक ने अमेरिका के फेडरल रिजर्व तथा यूरोपीय केंद्रीय बैंक (यूसीबी) को पीछे छोड़ दिया है।
रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल पर उपलब्ध सूचना के अनुसार उसके फालोअर्स की संख्या 27 सितंबर, 2020 को 9.66 लाख थी, जो अब 10 लाख हो गई है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने रविवार को ट्वीट किया, रिजर्व बैंक के ट्विटर खाते पर फालोअर्स की संख्या 10 लाख हो गई है। इसके लिए रिजर्व बैंक में मेरे सभी सहयोगियों को बधाई। उल्लेखनीय है कि गवर्नर दास का अलग ट्विटर हैंडल है, जिसपर फालोअर्स की संख्या 1.35 लाख है।
ट्विटर पर दुनिया के शीर्ष तीन बैंक
01 स्थान पर 10 लाख फालोअर्स के साथ आरबीआई
6.67 लाख फालोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व
5.91 लाख फालोअर्स के साथ तीसरे स्थान पर यूरोपीय केंद्रीय बैंक
सबसे कम समय में आरबीआई शीर्ष पर
03 साल बाद टि्वटर पर आया फेड रिजर्व के मुकाबले
2009 मार्च में फेड रिजर्व आया ट्विटर पर
2009 अक्तूबर में ट्विटर पर आया यूरोपीय केन्द्रीय बैंक
2012 जनवरी में रिजर्व बैंक टि्वटर पर आया
एक साल में दोगुना बढ़े फालोअर्स
मार्च, 2019 में ट्विटर पर रिजर्व बैंक के फालोअर्स की संख्या 3.42 लाख थी, जो मार्च, 2020 में दोगुना से अधिक होकर 7.50 लाख हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान लगाए गए सात सप्ताह के लॉकडाउन में रिजर्व बैंक के ट्विटर पर फालोअर्स की संख्या में 1.5 लाख से अधिक की वृद्धि हुई है। चालू वित्त वर्ष में 2.5 लाख फालोअर्स रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल से जुड़े हैं।







