नए कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संगठन आज शनिवार को दोपहर 12 से 3 बजे तक देशभर में चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता डा. दर्शनपाल ने शुक्रवार की शाम कुंडली बॉर्डर पर मीडिया से बात करते हुए बताया कि किसानों ने शनिवार के चक्का जाम की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए सबसे जरूरी निर्देश शांति व्यवस्था को लेकर दिया गया है। वहीं, किसान नेता राकेस टिकैत ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं करने का आह्वान किया है।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं से विशेष रूप से लोगों के बहकावे व उकसावे में नहीं आने और शांति की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि केवल दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक का चक्का जाम रहेगा। तीन बजे प्रदर्शन में भाग लेने वाले सभी लोग एक मिनट के लिए अपने वाहनों का हार्न बजाकर सरकार को जगाने का काम करेंगे। स्कूल बस, एंबुलेंस और बीमार लोगों को चक्का जाम में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष तौर पर निर्देशित किया गया है।

यह भी पढ़ें- जहां पुलिस ने लगाई थीं कीलें वहां राकेश टिकैत ने रोपे फूल के पौधे

इधर, गाजीपुर बार्डर से भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत ने दिल्ली- एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं करने का आह्वान किया है। इसके पीछे उन्होंने गन्ना किसानों और स्थानीय स्थिति का हवाला दिया है। ऐसे में एक भ्रम यह पैदा हो गया है कि कहीं मोर्चा में किसी तरह की फूट तो नहीं है। इस बाबत किसान संयुक्त मोचार् ने साफ कर दिया है कि उनका इरादा लोगों को परेशान करने का नहीं है, बल्कि वह सरकार को आइना दिखाना चाहते हैं। सरकार को लगता है कि यह कुछ लोगों का आंदोलन है, तो इस भ्रम को दूर करने के लिए यह चक्का जाम रखा गया है। ताकि सरकार को देशभर से तस्वीर का पता चले। 

चक्का जाम के दौरन पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। कुंडली में आंदोलन स्थल के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 और केजीपी-केएमपी एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षाबलों की 26 कंपनियां तैनात की गईं हैं। इनमें हरियाणा पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां भी शामिल हैं। शुक्रवार शाम को ही ये कंपनियां अपने-अपने क्षेत्र में तैनात कर दी गईं हैं। चक्का जाम के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- कहां-कहां चक्का जाम, किन राज्यों में खुले रहेंगे सभी रास्ते; जानें सब

दिल्ली पुलिस ने बॉर्डरों पर बढ़ाई सुरक्षा
वहीं, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रस्तावित ‘चक्का जाम से पहले प्रदर्शन स्थलों के पास दिल्ली के विभिन्न बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा चाक चौबंद करने के क्रम में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है और बैरिकेटिंग, कंटीले तार तथा सड़कों पर नुकीली कीलें लगाई गई हैं।

सोमवार को किया था चक्का जाम का ऐलान
किसान संगठनों ने सोमवार को घोषणा की थी कि प्रदर्शन स्थलों के आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट बंद करने, अधिकारियों द्वारा किसानों का कथित उत्पीड़न किए जाने के खिलाफ तथा अन्य मुद्दों को लेकर वे देशभर में छह फरवरी को तीन घंटे के लिए ‘चक्का जाम करेंगे जिसमें राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को अवरुद्ध किया जाएगा।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here