जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोना वायरस के कारण लागू आपातकाल सोमवार (25 मई) को तोक्यो और चार अन्य हिस्सों से समाप्त कर दिया। इसके साथ ही जापान में लागू राष्ट्रव्यापी पाबंदियां समाप्त हो गईं। सरकार द्वारा गठित एक पैनल के विशेषज्ञों ने तोक्यो, पड़ोसी प्रांतों कानगावा, चिबा और सैतामा तथा देश के उत्तरी भाग मे स्थित होकाईदो से आपातकाल हटाने को मंजूरी दे दी है।
गौरतलब है कि जापान के बाकी हिस्सों से आपातकाल इस महीने की शुरुआत मे ही हटा लिया गया था। जापान मे करीब 16,600 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और संक्रमण से करीब 850 लोग की मौत हुई है।
नेपाल में कोरोना एक दिन में रिकॉर्ड 72 मामले, देश में कुल 675 कोविड-19 मरीज
इससे पहले, अर्थव्यवस्था मंत्री यासुतोषी निशिमुरा ने संवाददाताओं से कहा था कि सरकार द्वारा गठित पैनल के विशेषज्ञों ने डेढ़ महीने से अधिक समय तक चले आपातकाल की स्थिति को समाप्त करने की योजना को मंजूरी दे दी है। आबे को संसदीय समितियों से समर्थन मिलने के बाद सोमवार (25 मई) को आधिकारिक तौर पर आपातकाल की स्थिति की समाप्ति की घोषणा करनी थी।
निशिमुरा ने कहा कि आपातकाल हटाने का मतलब महामारी का अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि निवारक उपायों और अर्थव्यवस्था को संतुलित करते हुए संक्रमण के अगली संभावित पुनरावृत्तियों को कम करना लक्ष्य है। आबे ने सात अप्रैल को तोक्यो सहित जापान के कुछ हिस्सों में आपातकाल की घोषणा की थी।







