कोविशील्ड वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला का कहना है कि इस महामारी पर काबू पाने में वैक्सीन को लेकर लोगों में जारी झिझक अब सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”वैक्सीन उद्योग ने राष्ट्र के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए अथक प्रयास किया है। आज राज्यों के पास 20 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं।”

उन्होंने लोगों से वैक्सीन लेने की अपील की है। पूनावाला ने कहा, ”मैं सभी वयस्कों से जल्द से जल्द टीका लगवाने का आग्रह करता हूं। इस महामारी पर काबू पाने में वैक्सीन की हिचकिचाहट अब सबसे बड़ा खतरा है।”

इससे पहले दिन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी सभी पात्र नागरिकों से टीकाकरण कराने की अपील की थी।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को यह भी कहा कि कोविड-19 रोधी टीके की पूरी खुराक लेने वाले लोगों की संख्या देश में पहली बार टीके की एक खुराक लेने वाले लोगों के पार चली गयी है।

बुधवार सुबह सात बजे तक मिली रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल 113.68 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसे 1,16,73,459 टीकाकरण सत्र के जरिए हासिल किया जा सका। इनमें से 75,57,24,081 खुराक पहली खुराक के तौर पर दी गयी और 38,11,55,604 खुराक दूसरी खुराक के जरिए दी गयी। टीकों की दोनों खुराक लेने वाली लोगों की संख्या (38,11,55,604) पहली खुराक लेने वाले लोगों की संख्या (37,45,68,477) के पार चली गयी है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here