कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अफगानिस्तान में आतंक मचाने वाले तालिबानियों में भारत के भी दो लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। ये दोनों ही शख्स केरल प्रांत के रहने वाले हैं। पूर्व विदेश राज्य मंत्री ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें इन दोनों लोगों के हाथों में बंदूकें हैं और वे मलयाली भाषा में बात कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए शशि थरूर ने लिखा, ‘इन्हें सुनकर ऐसा लगता है कि वहां दो मलयाली तालिबान भी मौजूद हैं। इनमें से एक ने 8 सेकेंड तक मलयाली में बात की और दूसरा व्यक्ति उसकी बात को समझता दिख रहा है।’ शशि थरूर ने 15 अगस्त को इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया था।
वीडियो में दिखता है कि काबुल के बाहरी इलाके में पहुंचने पर तालिबानी लड़ाके खुशी में रोते दिख रहे हैं। इसके कुछ घंटों के बाद ही उन्होंने काबुल पर कब्जा जमा लिया था। हालांकि शशि थरूर ने रमीज नाम के जिस शख्स की ओर से ट्वीट किए गए वीडियो को शेयर किया था, उसकी ओर से ही यह अनुमान लगाया गया कि ये केरल के लड़ाके नहीं हैं। रमीज ने लिखा, ‘ये केरल मूल के लड़ाके नहीं दिखते। ये जाबुल प्रांत के बलूच लगते हैं, जो ब्राहवी भाषा बोल रहे हैं। यह भाषा भी द्रविड़ियन परिवार की है और बलूचों की भाषा है। यह तेलुगु, तमिल और मलयालम से मिलती जुलती है।’
रमीज की इस पोस्ट को भी शशि थरूर ने शेयर किया है। थरूर ने लिखा, ‘रोचक विश्लेषण। हम इस मामले को भाषाविदों पर ही छोड़ते हैं। लेकिन ऐसा हो सकता है कि ये मिसगाइडेड मलयाली हों, जिन्होंने तालिबान जॉइन कर लिया है। इसलिए इस संभावना को पूरी तरह से खारिज भी नहीं किया जा सकता।’ गौरतलब है कि अफगानिस्तान में कब्जा करने के बाद तालिबानी इन दिनों जश्न मना रहे हैं। एम्यूजमेंट पार्क से लेकर जिम तक के उनके वीडियो सामने आए हैं, जिसमें वे एंजॉय करते दिखे हैं।
It sounds as if there are at least two Malayali Taliban here — one who says “samsarikkette” around the 8-second mark & another who understands him! https://t.co/SSdrhTLsBG
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) August 17, 2021







