वाशिंगटन: अमेरिका में एक नए अनुमान में कोरोना वायरस के प्रकोप की देश में शुरुआत के बाद से करीब दो करोड़ लोगों के इससे संक्रमित होने का दावा किया गया है. इसके अनुसार बड़ी आबादी पर खतरा मंडरा रहा है. अमेरिका में सामने आए कोविड-19 के 23 लाख पुष्ट मामलों की तुलना में यह आंकड़ा करीब दस गुना ज्यादा है.

अधिकारी काफी समय से यह कहते आ रहे हैं कि कई लाख लोगों को उनके संक्रमित होने का एहसास ही नहीं हुआ. जांच की कमी के कारण भी कई मामले सामने नहीं आ सके हैं. यह खबर ऐसे समय में समने आई है जब करीब एक दर्जन राज्यों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का प्रशासन लोगों की चिंता कम करने की कोशिश कर रहा है.

कोरोना की चपेट में देश की 6 प्रतिशत आबादी

रोग नियंत्रण और रोकथाम केन्द्र के निदेशक डॉ. रॉबर्ट रेडफील्ड ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि देश में बहुत लोगों पर खतरा मंडरा रहा है.’’ इन नए अनुमानित आंकड़ों के अनुसार करीब 33.1 करोड़ की आबादी वाले देश में दो करोड़ लोगों का संक्रमित होना मतलब देश में छह प्रतिशत लोग इसकी चपेट में आए हैं.

इससे पहले, सीडीसी के अधिकारी और देश के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ, डॉ. एंथनी फाउची ने कहा था, ‘‘अभी हमारा सबसे सटीक अनुमान यह है कि हर पुष्ट मामले पर वास्तव में अतिरिक्त 10 मामले हैं.’’ उन्होंने कहा था कि कम से कम 25 प्रतिशत संक्रमितों में शायद कोई लक्षण ही ना दिखे.

नया अनुमान देशभर से एकत्रित किए गए रक्त नमूनों के सीडीसी के अध्ययनों पर आधारित है. इनमें से कुछ नमूने सीडीसी और कुछ अन्य ‘ब्लड डोनेशन’ या अन्य स्रोतों से लिए गए है.

यह भी पढ़ें.

कोरोना के खिलाफ फाइनल ट्रायल में पहुंची ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन, साल के अंत तक आने की उम्मीद

अमेरिकाः वॉशिंगटन की शीर्ष अदालत में भारतीय-अमेरिकी जज की हो सकती है नियुक्ति, ट्रंप ने जताया इरादा



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here