श्रीलंका दौरे पर भारत की दूसरे ग्रेड की टीम के जाने पर भड़के पूर्व श्रीलंकाई कप्तान अर्जुन रणतुंगा को आकाश चोपड़ा ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। आकाश ने श्रीलंका टूर पर गए खिलाड़ियों के आंकड़े शेयर करते हुए बताया कि टीम में मौजूद 20 में से 14 खिलाड़ी भारत की तरफ से किसी ना किसी फॉर्मेट में खेल चुके हैं। पूर्व सलामी बल्लेबाज ने श्रीलंका टीम की इंटरनेशनल क्रिकेट में जारी लगातार खराब फॉर्म पर भी सवाल उठाए और रणतुंगा को इशारों-इशारों में खुद की टीम पर प्रदर्शन पर गौर करने की सलाह दी। भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है, जिसका आगाज 13 जुलाई से होगा। 

 

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश ने कहा कि वह रणतुंगा के विचारों का सम्मान करते हैं। उन्होंने इसके बाद रणतुंगा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि भारत की ए ग्रेड टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलकर और श्रीलंका के दौरे पर भी चली जाए और फिर जुलाई के आखिरी में सीरीज को खत्म करके वापस इंग्लैंड आए टेस्ट सीरीज खेलने के लिए, जो कि संभव नजर नहीं आता। आकाश ने कहा कि इससे बेहतर बीसीसीआई इस सीरीज के लिए मना कर देता। पूर्व सलामी बल्लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए संभावित ग्यारह प्लेयर्स के आंकड़े शेयर किए और बताया कि इन खिलाड़ियों ने कुल मिलाकर 471 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने रणतुंगा पर तंज कसते हुए कहा कि क्या यह टीम कहां से दूसरी ग्रेड की लगती है। 

मयंक अग्रवाल या केएल राहुल कौन होगा शुभमन गिल का बेहतर रिप्लेसमेंट, पूर्व क्रिकेटर दीपदास गुप्ता ने दिया जवाब

आकाश ने श्रीलंका क्रिकेट की खराब फॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि श्रीलंका की टीम को भी अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उन्होंने श्रीलंका की तुलना अफगानिस्तान टीम से करते हुए कहा कि अफगानिस्तान को टी-20 वर्ल्ड के लिए क्वालीफायर नहीं खेलने हैं, जबकि श्रीलंका क्वालीफायर टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए क्वालीफायर खेलेगी। आकाश ने कहा कि यह श्रीलंका टीम की सच्चाई है कि वह इंटरनेशनल लेवल पर कहां खड़ी है। उन्होंने कहा कि वह किसी को छोटा या बड़ा दिखाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, लेकिन आईना कभी झूठ नहीं बोलता। पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि इससे पता लगता है कि श्रीलंका क्रिकेट कितना संघर्ष कर रहा है और यह भी हो सकता है वह टी-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई ही ना कर पाए। 

इससे पहले 1996 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रहे अर्जुन रणतुंगा ने टीम इंडिया की बी ग्रेड टीम के श्रीलंका आने पर कहा था, ‘यह दूसरी ग्रेड की भारतीय टीम है और उनका यहां आना हमारी क्रिकेट का अपमान है। मैं टेलीविजन मार्केटिंग की जरूरतों को पूरा करने के लिए उनके साथ खेलने पर सहमत होने के लिए वर्तमान प्रशासन को दोषी मानता हूं। भारत ने अपनी बेस्ट टीम इंग्लैंड भेजी है और कमजोर टीम यहां भेज दी है। मैं इसके लिए बोर्ड को दोष देता हूं।’
 

संबंधित खबरें





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here