पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। 27 मार्च को पहले चरण के लिए वोटिंग है। इस बीच बंगाल की सियासी फिजा में पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई सुप्रीमो सौरव गांगुली के बीजेपी के जरिए राजनीतिक एंट्री मारने की भी कयासबाजी चल रही है। इस बीच बीजेपी में शामिल हो चुके पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि गांगुली अगर भगवा झंडा थामते हैं तो टीएमसी ‘क्लीन बोल्ड’ हो जाएगी। आपको बता दें कि डिंडा को बीजेपी ने मोयना सीट से उम्मीदवार बनाया है। 

सौरव गांगुली जब से बीसीसीआई प्रमुख बने हैं, तब से उनके बीजेपी के साथ नजदीकी चर्चे तेज हो गए हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक राजनीति में एंट्री को लेकर कोई प्रतिबद्धता नहीं दिखाई है। 

मेदिनीपुर जिले के मोयना निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे पूर्व तेज गेंदबाज डिंडा गांगुली के नेतृत्व से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। उनका कहना है, “टीएमसी क्लीन बोल्ड हू जेबे (टीएमसी क्लीन बोल्ड हो जाएदी)… अगर वह (गांगुली) बीजेपी में शामिल होते हैं। हम सिर्फ 200 का आंकड़ा पार नहीं कर रहे होंगे, बल्कि पूरी सीटें संभव है।” आपको बता दें कि डिंडा 13 एकदिवसीय और नौ टी 20 मैच खेल चुके हैं। 

उन्होंने कहा, “बेशक, हम चाहते हैं कि दादा भाजपा में शामिल हों, क्योंकि अगर वह आते हैं, तो यह हमारे लिए एक शानदार जीत होगी।” उत्पल चटर्जी के बाद पश्चिम बंगाल के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले डिंडा को 24 फरवरी को भाजपा में शामिल किया गया था।

2016 के बाद से लगातार तृणमूल कांग्रेस के विधायक रहे संग्राम कुमार दोलाई से डिंडा का मुकाबला होने जा रहा है। डिंडा ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी नई पारी के दौरान भी दादा उनके साथ रहें। डिंडा ने कहा, “मैं चाहता हूं कि दादा मेरे साथ रहें, मेरी पूरी जिंदगी, अच्छे या बुरे समय में, वह हमेशा मेरे साथ खड़े रहे। यहां मुझे एक और दादा (शुवेन्दु अधिकारी) मिले हैं, लेकिन मैं चाहता हूं कि मेरे क्रिकेट के मैदान के दादा भी मेरे साथ रहे। 

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने राजनीति में शामिल होने के लिए गांगुली से बात की है। इसपर डिंडा ने कहा, “मैं कुछ दिनों से व्यस्त हूं। मैं अपने परिवार से भी बात नहीं कर पाया हूं। लेकिन मुझे पता है कि वह मेरे साथ हैं, भले ही मैंने उनसे बात नहीं की है।”



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here