PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच अगस्त को विशेष तारीख बताते हुए कहा कि इसी दिन भारत को हॉकी में मेडल मिला, राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ और अनुच्छेद 370 हटाया गया.  

‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, ”आज की ये 5 अगस्त की तारीख बहुत विशेष बन गई है. ये 5 अगस्त ही है, जब 2 साल पहले देश ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को और सशक्त किया था. 5 अगस्त को ही, आर्टिकल-370 को हटाकर जम्मू कश्मीर के हर नागरिक को हर अधिकार, हर सुविधा का पूरा भागीदार बनाया गया था.”

उन्होंने कहा, ”यही 5 अगस्त है जब कोटि-कोटि भारतीयों ने सैकड़ों साल बाद भव्य राम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा. आज अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है.”

पीएम मोदी ने कहा, ”करीब 4 दशक बाद ये स्वर्णिम पल आया है. जो हॉकी हमारी राष्ट्रीय पहचान रही है, आज हमारे युवाओं ने उस गौरव को फिर से हासिल करने की तरफ देश को बहुत बड़ा तोहफा दिया है. ”

पीएम ने इस दौरान विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया. संसद नहीं चलने को लेकर कहा, ”एक तरफ हमारा देश, हमारे युवा भारत के लिए नई सिद्धियां हासिल कर रहे हैं. जीत का, गोल के बाद गोल कर रहे हैं. वहीं कुछ लोग ऐसे हैं जो राजनीतिक स्वार्थ के चलते एक तरह से सेल्फ गोल कर रहे हैं. देश क्या हासिल कर रहा है, इससे इन्हें कोई सरोकार नहीं है.”

मोदी ने आगे कहा, ”यह लोग अपने स्वार्थ के लिए देश का समय और देश की भावना दोनों को ही आहत करने में जुटे हैं. भारत की संसद का अपने स्वार्थ के लिए निरंतर अपमान कर रहे हैं. देश का हर नागरिक मानवता पर आए सबसे बड़े संकट से बाहर निकलने के लिए जी जान से जुटा है और यह लोग कैसे देशहित के काम को रोका जाए, इस स्पर्धा में लगे हैं.”

प्रधानमंत्री ने कहा “लेकिन इस देश की महान जनता ऐसी स्वार्थ और देशहित विरोधी राजनीति का बंधक नहीं बन सकती. यह लोग देश को देश के विकास को रोकने की कितनी भी कोशिश कर ले, यह देश इनसे रुकने वाला नहीं है. वह संसद को रोकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन 130 करोड़ जनता देश को रुकने न देने में लगी हुई है.” 

Video: पीएम मोदी ने हॉकी की पूरी टीम से फोन पर की बात, वीडियो में देखिए कैसे दी बधाई



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here