VLCC Health Care IPO: ब्यूटी प्रोडक्ट के लिए मशहूर वीएलसीसी हेल्थ केयर लिमिटेड का आईपीओ आने वाला है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बाजार सूत्रों के हवाले से बताया कि आईपीओ के लिए कंपनी को पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है। ऐसा माना जा रहा है कि दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक कंपनी का आईपीओ लॉन्च हो जाएगा। आईपीओ के जरिए कमाई करने वाले निवेशकों के लिए एक मौका बन सकता है।
बता दें कि वीएलसीसी हेल्थकेयर लिमिटेड ने अगस्त महीने में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज जमा कराए थे। दस्तावेजों के मुताबिक आईपीओ के तहत 300 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और प्रवर्तक और मौजूदा शेयरधारक 89.22 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएंगे।
ओएफएस के तहत प्रवर्तक मुकेश लूथरा 18.83 लाख, ओआईएच मॉरीशस लिमिटेड 18.97 लाख और लियोन इंटरनेशनल 52.42 लाख इक्विटी शेयरों की पेशकश करेंगी। अभी कंपनी में वंदना लूथरा और मुकेश लूथरा की क्रमश: 44.35 प्रतिशत और 24.37 प्रतिशत हिस्सेदारी है। लियोन इंटरनेशनल के पास 13.65 प्रतिशत और ओआईएच मॉरीशस के पास 5.04 प्रतिशत हिस्सेदारी है।







