स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता मंगेशकर का आज सुबह निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की खबर आम हुई सभी लोग अपनी शोक संवेदना जताने लगे। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्मी लता मंगेशकर के निधन पर यहां के दिग्गज नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सीएम ने लिखा-उनके जाने से मन दुखी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्टिवटर पर लिखा कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा, शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए। लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है। उन्होंने आगे लिखा कि आपका जीवन हिंदी फिल्म जगत के साथ ही भारतीय संगीत की ऐसी अद्भुत यात्रा रही, जिसने कई पीढ़ियों को मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करते गीत-संगीत से जोड़ा। फिल्म जगत के उद्भव से अत्याधुनिक युग में प्रवेश करने तक दीदी सहयोगी से संरक्षक तक की भूमिका में रहीं। आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा-वह सदैव हमारे बीच रहेंगी
शिवराज ने आगे लिखा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। अपनी सुमधुर अमर आवाज से लता दीदी सदैव हम सभी के बीच रहेंगी। वहीं मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी लता मंगेशकर को याद किया। उन्होंने लिखा कि स्वरकोकिला, सुर शिरोमणि, भारत रत्न और हम सब की प्रिय लता दी के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादाई है। ईश्वर उनकी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और करोड़ों देशवासियों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दे।

दिग्विजय सिंह ने लिखा-एक युग की समाप्ति
वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने भी लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि एक युग की समाप्ति हो गई। मध्य प्रदेश में जन्मी भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन की दुःखद खबर है। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि उनकी आवाज अमर है। ना उनके जैसा हुआ है और ना होगा। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वहीं राज्य के मंत्रियों भूपेंद्र सिंह, राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत, कृषि मंत्री कमल पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम पटेल और अन्य ने भी शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here