महाराष्ट्र के चर्चित मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय ने उद्धव सरकार के ट्रांसपोर्ट मंत्री अनिल परब से 8 घंटे की लंबी पूछताछ की है। मंगलवार को अनिल परब प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए थे। जानकारी के मुताबिक शिवसेना के मंत्री अनिल परब सुबह 11 बजे ईडी के दफ्तर पहुंचे थे और फिर इसके बाद उनसे शाम 7 बजे तक पूछताछ की गई। 

ईडी कार्यालय से बाहर आने के बाद अनिल परब ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अधिकारियों द्वारा पूछे गये सभी सवालों का जवाब दिया है। उद्धव के मंत्री ने कहा, ‘मैं अथॉरिटी (जांच एजेंसी) के लिए जिम्मेदार हूं, किसी अन्य के लिए नहीं। मुझसे अथॉरिटी जो भी कुछ पूछेगी मैं उसका जवाब दूंगा। ED की तरफ से मुझे समन जारी किया गया था जिसके बाद मैं उनके सामने पेश हुआ और मैंने सभी सवालों का जवाब दिया जो भी मुझसे पूछा गया था।’

ईडी ने शनिवार को मामले में पूछताछ के लिए परब (56) को दूसरी बार समन जारी किया था। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में परब के पास संसदीय मामलों का विभाग भी है। परब को मंगलवार को दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट इलाके में ईडी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था।

जांच एजेंसी के कार्यालय के लिए रवाना होने से पहले परब ने संवाददाताओं से कहा था कि वह मामले की जांच में ईडी का पूरा सहयोग करेंगे। मंत्री ने कहा था, ”मैं आज ईडी अधिकारियों के सामने पेश हो रहा हूं, मैं अब भी इस बात से अनजान हूं कि उन्होंने मुझे किस उद्देश्य से बुलाया है। मैं अपनी बेटियों और दिवंगत शिवसेना सुप्रीमो (बालासाहेब ठाकरे) की कसम खाकर कहता हूं कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है, इसलिए मैं ईडी कार्यालय जा रहा हूं।”

शिवसेना विधायक को एजेंसी ने पहली बार 31 अगस्त को पेश होने के लिए बुलाया था, जिसे उन्होंने आधिकारिक व्यस्तताओं का हवाला देते हुए अस्वीकार कर दिया था और अधिक समय मांगा था। अधिकारियों ने पूर्व में कहा था कि अन्य आरोपियों और मामले में शामिल लोगों द्वारा कुछ ”खुलासे” किए जाने के बाद महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ धनशोधन मामले की जांच में परब से पूछताछ की जानी है। समन ईडी द्वारा महाराष्ट्र पुलिस दल में कथित 100 करोड़ रुपये के रिश्वत और जबरन वसूली मामले में की जा रही आपराधिक जांच से संबंधित है। इसी मामले के कारण अप्रैल में देशमुख ने इस्तीफा दिया था।

संबंधित खबरें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here