महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना उपचार की दवा ऑक्सीजन और रेमेडिसविर की कमी की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बताया गया कि वह चुनावी दौरे पर पश्चिम बंगाल गए थे। राज्य के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक ने यह दावा शनिवार को किया है।
नवाब मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री (उद्धव ठाकरे) ऑक्सीजन की कमी और रेमेडिसविर के बारे में फोन पर पीएम मोदी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें सूचित किया गया कि प्रधानमंत्री बंगाल दौरे पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग मर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी चुनाव में व्यस्त हैं। नवाब मलिक का हमला ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम बंगाल में सभी राजनीतिक दल राज्य में कोरोनो वायरस के प्रसार के बीच बड़ी-बड़ी सभाएं कर रहे हैं।
Maharashtra CM @OfficeofUT called Modi requesting for urgent supply of oxygen for his State.
Was informed that PM busy campaigning in Bengal. Will respond on his return
— Derek O’Brien | ডেরেক ও’ব্রায়েন (@derekobrienmp) April 17, 2021
हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मलिक के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने शुक्रवार को कोरोना के मामलों में वृद्धि के बीच ऑक्सीजन की आपूर्ति की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के लगातार संपर्क में है।
शिवसेना नेता के इस आरोप के तुरंत बाद, तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ट्विटर के जरिए पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ”यह चौकाने वाला है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन के तत्काल सप्लाई के लिए प्रधानमंत्री को फोन किया तो कहा गया पीएम बंगाल में प्रचार कर रहे हैं। वापस आने पर इसका जवाब देंगे।”
वर्तमान में महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। सख्त प्रतिबंध के बावजूद, शुक्रवार को 63,729 नए मामले सामने आए। इस महामारी ने शुक्रवार को 398 लोगों कीजान ले ली। आपको बता दें कि अब राज्य में मरने वालों की संख्या 59,551 है।
शुक्रवार को पीएम मोदी ने दिल्ली, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति की वर्तमान स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने राज्यों के साथ तालमेल बिठाने के निर्देश दिए।







