एक जिला, एक उत्पाद निर्यात एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकों को अहम आदेश दिया है। इसके लिए निर्मला सीतारमण ने बैंकों से राज्यों के साथ मिलकर काम करने को कहा है। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से कहा कि वे निर्यातकों के संगठनों से बातचीत करें और उनकी जरूरतों को समझें।
क्या है योजना: प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) एजेंडा पर जोर दिया जा रहा है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों द्वारा प्राप्त सिफारिशों के अनुसार 137 यूनिक उत्पादों सहित देश के 707 जिलों के लिए ओडीओपी को अनुमोदित किया है। भारत का जीआईएस ओडीओपी डिजिटल मैप सभी राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों के ओडीओपी उत्पादों का विवरण प्रदान करने के लिए शुरू किया गया है।
बैंकों पर वित्त मंत्री ने क्या कहा: वित्त मंत्री ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने महामारी के बावजूद अच्छा काम किया और इस दौरान वह रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई से बाहर निकले हैं। वित्त मंत्री ने बैंकों से वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र को समर्थन देने को भी कहा। बैठक में बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन और महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था के समर्थन में उनकी तरफ से उठाये गए कदमों की समीक्षा की गई।
सरकार ने बदल दिए पेंशन के नियम, बैंक कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत
राहुल गांधी पर हमला: एक सवाल के जवाब में निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने पूछा कि क्या राहुल गांधी मौद्रिकरण के बारे में जानते हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश के संसाधनों को बेचने का काम हुआ है। बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार की राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) पर सवाल उठाए थे।







