लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को मंत्रियों द्वारा लोकसभा के भीतर विभिन्न मुद्दों पर सदस्यों के साथ बातचीत करने पर नाराजगी व्यक्त की और उन्हें सदन से अपने कार्यालय नहीं चलाने की नसीहत दी। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक सदस्य के साथ बातचीत करते देखे गए। मंत्री प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद किसी मुद्दे पर चर्चा करने के लिए अपनी सीट पर आए थे।
बीच-बचाव करते हुए ओम बिरला ने कहा, ”माननीय सदस्यों, मंत्रियों को यहां से अपना मंत्रालय नहीं चलाना चाहिए। मंत्रियों को सांसदों से कार्यालय में मिलने आने के लिए कहना चाहिए।” उन्होंने सदस्यों से सदन की मर्यादा बनाए रखने के लिए कहा।
विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्य अक्सर मंत्रालयों से संबंधित कुछ मुद्दों को उठाने के लिए विभिन्न मंत्रियों की सीटों पर जाते हैं, भले ही सदन की कार्यवाही चल रही हो।
ओम बिरला ने प्रश्नकाल समाप्त होने की घोषणा के बाद भी एक प्रश्न के उत्तर को जारी रखने के लिए केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को फटकार लगाई।
उन्होंने कहा, ‘मंत्री जी, स्पीकर ने घोषणा कर दी है, बैठ जाइए। जब मैंने कहा कि प्रश्नकाल खत्म हो गया है तब भी आप बोलना जारी रखे हुए हैं।’







