टोरंटो
कनाडा में वैज्ञानिकों ने उत्तरी अटलांटिक महासागर में 17 फीट लंबी एक दैत्याकार ग्रेट व्हाइट शार्क को पकड़ा है। इस जीव की लंबाई देखने के बाद नाव में सवार लोग भी हैरान हो गए। वैज्ञानिकों ने शार्क की लंबाई और वजन मापने के बाद उसपर टैग लगाकर समुद्र में छोड़ दिया। वैज्ञानिकों ने इस शार्क को समुद्र की रानी करार दिया है। टैग की मदद से इस शार्क की गतिविधियों को वैज्ञानिक ट्रैक करेंगे।

17 फीट लंबी शार्क का वजन 1600 किलो
रिपोर्ट के अनुसार, इस शार्क को गैर लाभकारी संगठन (एनजीओ) OCEARCH टीम ने कनाडा के नोवा स्कोटिया द्वीप के पास पकड़ा। उन्होंने कहा कि इस शार्क को नुकुमी नाम दिया गया है। इसकी लंबाई 17 फीट दो इंच और वजन 1606 किलोग्राम के आसपास था। इस अभियान की अगुवाई कर रहे क्रिस फिशर ने कहा कि यह वास्तव में बहुत शांत शार्क थी।

50 साल थी शार्क की उम्र
शार्क की लंबाई नापने के बाद टीम ने बताया कि इसकी उम्र लगभग 50 साल के आसपास है। उनकी टीम पूरी दुनिया में समुद्री जीवों को बचाने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने शार्क को छोड़ने से पहले उसके कई नमूने भी लिए। जिससे आने वाले दिनों में इस जीव के बारे में बहुत कुछ पता किया जा सकेगा। उसके शरीर पर लगे हुए टैग वैज्ञानिकों को अगले पांच साल तक डेटा देते रहेंगे।

शार्क से सैंपल लेते और टैग लगाते वैज्ञानिक

शार्क के तेल से कोरोना वैक्सीन बना रही कंपनियां
वर्तमान में कोरोना वायरस की वैक्सीन बना रहे कई निर्माता शार्क के तेल का उपयोग अपनी दवा को प्रभावी बनाने के लिए कर रहे हैं। हालांकि अभी तक शार्क के तेल से बनने वाली वैक्सीन के प्रभावी होने की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी शार्क के संरक्षण के लिए काम करने वाले समूह शार्क एलाइज ने दावा किया है कि अगर इस वैक्सीन को दुनियाभर के लोगों को दिया गया तो इसके लिए 2,40,000 शार्कों को मारा जा सकता है।

…तो 5 लाख शार्कों का करना पड़ेगा शिकार
हालांकि, कुछ एक्सपर्ट का कहना है कि शार्क एलाइज के दिए गए आंकड़े बहुत कम हैं। कोरोना वायरस से बचने के लिए वैक्सीन की 2 डोज संक्रमितों को दी जाती है। इस हिसाब से अगर सभी लोगों को शार्क के तेल से बना वैक्सीन दिया जाता है तो इसके लिए कम से कम 5 लाख शार्कों को मारना पड़ेगा। जो हमारे समुद्री पर्यावरण को खत्म कर देगा।

खत्म हो सकती है इनकी आबादी
शार्क एलीज़ के संस्थापक और कार्यकारी निदेशक स्टेफ़नी ब्रेंडल ने कहा कि किसी जंगली जानवर से कुछ प्राप्त करना कभी भी टिकाऊ नहीं होगा। शार्क तो समुद्र के चरम शिकारी जीव है। यह प्रजनन भी बड़ी कम संख्या में करती है। यह महामारी कितने दिनों तक चलेगी इसका कोई अनुमान नहीं है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here