इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी आईपीओ के जरिए कमाई करने वाले निवेशकों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल, ऐप के जरिए कैब प्रोवाइड करने वाली कंपनी ओला का भी आईपीओ लॉन्च होने वाला है।
कब तक होगी लॉन्चिंग: न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ये आईपीओ 2022 की पहली छमाही में लॉन्च हो सकता है। ओला के सीईओ भाविश अग्रवाल ने ये जानकारी दी है। भाविश अग्रवाल ने बताया कि जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप द्वारा समर्थित ओला भी एक “सुपर ऐप” बनाने के लिए कमर कस रही है। इसके साथ ही कंपनी अपनी सर्विसेज को मोबिलिटी से आगे बढ़ाकर पर्सनल फाइनेंस और माइक्रो फाइनेंस शामिल करने की भी योजना में है।
बता दें कि ओला की पैरेंट कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजीज को मार्च 2021 में समाप्त हुए वित्त वर्ष के दौरान ओला को 89.82 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले यानी वित्त वर्ष 2019-20 में ओला को 610.18 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।
आ रहा सबसे बड़ा आईपीओ: नए साल में देश का सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी का आईपीओ भी लॉन्च होने वाला है। ऐसा माना जा रहा है कि एलआईसी का आईपीओ मार्च 2022 से पहले लॉन्च हो जाएगा। आईपीओ के जरिए सरकार 1 लाख करोड़ रुपए तक जुटाने का इरादा रखती है। इसके अलावा पतंजलि, मोबिक्विक समेत अन्य कंपनियां भी आईपीओ के जरिए शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती हैं।







