चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश उपचुनाव में पार्टी के लिए जोरदार कैंपेन कर रहे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के सीनियर कांग्रेस नेता कमलनाथ को स्टार प्रचारक से हटा दिया है। उनके ऊपर चुनाव आयोग की तरफ से यह बड़ी कार्रवाई चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के कई मामले सामने आने के बाद की गई है।
चुनाव आयोग की इस कार्रवाई के खिलाफ अब कांग्रेस पार्टी कोर्ट का रुख करेगी। कांग्रेस के मध्य प्रदेश यूनिट के मीडिया कॉर्डिनेटर नरेन्द्र सलूजा ने कहा- “चुनाव आयोग की तरफ से पार्टी नेता कमलनाथ को स्टार प्रचारक का दर्जा खत्म कर दिया है। इस फैसले के खिलाफ पार्टी कोर्ट का रुख करेगी।”
मध्य प्रदेश में 3 नवबंर को 28 सीटों के लिए विधानसभा का उपचुनाव होने जा रहा है। लेकिन, पिछले दिनों चुनाव प्रचार के दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने महिला मंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किए थे, जिसके विरोधियों ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की थी।
आयोग ने शुक्रवार को जारी एक आदेश में कहा, ‘…आदर्श आचार संहिता के बार-बार उल्लंघन और उन्हें (कमलनाथ को) जारी की गई सलाह की पूरी तरह से अवहेलना करने को लेकर आयोग मध्य प्रदेश विधानसभा के वर्तमान उपचुनावों के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के राजनीतिक दल के नेता (स्टार प्रचारक) का दर्जा तत्काल प्रभाव से समाप्त करता है।
ये भी पढ़ें: कमलनाथ पर चुनाव आयोग का एक्शन, स्टार प्रचारकों की सूची से किया बाहर
आयोग ने कहा कि कमलनाथ को स्टार प्रचारक के रूप में प्राधिकारियों द्वारा कोई अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘हालांकि, अब से यदि कमलनाथ द्वारा कोई चुनाव प्रचार किया जाता है तो यात्रा, ठहरने और दौरे से संबंधित पूरा खर्च पूरी तरह से उस उम्मीदवार द्वारा वहन किया जाएगा जिसके निर्वाचन क्षेत्र में वह चुनाव प्रचार करेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम ने एक चुनावी सभा में बीजेपी प्रत्याशी और मंत्री इमरती देवी को आइटम कह दिया था। चारों तरफ से घिरने के बाद पहले तो कमलनाथ ने कहा था कि आइटम को अपमानजनक शब्द नहीं है। उन्होंने कई अजीबो-गरीब तर्क देते हुए कहा कि विधानसभा और संसद में भी आइटम नंबर कहा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह नाम भूल गए थे और लिस्ट में आइटम नंबर 1, 2, 3 करके ही नाम लिखा जाता है। हालांकि, बात में उन्होंने अपने बयान पर खेद भी जताया।
उधर, इमरती देवी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुहार लगाई थी कि कमलनाथ को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया जाए। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मौन उपवास भी रखा था। उन्होंने कहा था कि कमलनाथ को प्रदेश की हर बेटी से माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: MP उपचुनाव में कांग्रेस के लिए कैसे नहीं है राह आसान, क्या है चुनौती?







