यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने एक और लिस्ट जारी कर दी है। विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने 27 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने 11 महिला प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। कई सीटों पर कांग्रेस ने टिकट भी काटे हैं। सिराथू विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सामने कांग्रेस ने सीमा देवी को उतारा है। वहीं रायबरेली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अदिति सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने डॉ. मनीष सिंह चौहान को मैदान में उतारा है। इसके अलावा कांग्रेस ने गोसाईगंज सीट से शारदा जायसवाल, तुलसीपुर सीट से दीपेंद्र सिंह, मिर्जापुर से भवान दत्त, महमूदाबाद से अरविंद किशोर राय, लालगंज से पुष्पा भारती को उम्मीदवार बनाया है।
Congress releases its Seventh list of 27 candidates for #UttarakhandElections2022 pic.twitter.com/az5RWYSBxM
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) February 2, 2022
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने सात सीटों पर प्रत्याशी भी बदले हैं। लखनऊ ईस्ट से प्रत्याशी रहे पंकज तिवारी की जगह कांग्रेस ने मनोज तिवारी को नया उम्मीदवार बनाया है। कुर्सी विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे जमील अहमद की जगह उर्मिला पटेल को नया प्रत्याशी बनाया है। बाराबंकी सीट से रूही अरशद चुनाव लड़ेंगी। इस सीट पर पहले गौरी यादव को टिकट दिया गया था। वहीं भिनगा विधानसभा सीट से वंदना शर्मा का टिकट काटकर उनकी जगह गजाला चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। खलीलाबाद सीट से सबीहा खातून की जगह डॉ. अमरेंद्र भूषण चुनाव मैदान में होंगे। पिपराइच विधानसभा सीट से मोनिका पांडे की जगह सुमन चौहान चुनाव मैदान में होंगी। मऊ सीट पर माधेवंद्र सिंह को कांग्रेस ने नया उम्मीदवार बनाया है। पहले यहां मानवेंद्र बहादुर सिंह को प्रत्याशी बनाया गया था।







