छत्तीसगढ़ से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह की एक ऑडियो क्लिप गुरुवार को वायरल हो गई। इस ऑडियो क्लिप में कांग्रेस विधायक बलरामपुर जिले में पोस्टेड डिप्टी कलेक्टर को अपशब्द कह रहे हैं। हालांकि विधायक बृहस्पत सिंह ने इन आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने दावा किया कि कुछ विपक्षी दल के नेता और कुछ उनकी अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। 

भाजपा ने की विधायक को पद से हटाने की मांग 
प्रफुल्ल रजक छत्तीसगढ़ स्थित बलरामपुर के रामानुजगंज में बतौर डिप्टी कलेक्टर पोस्टेड हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बुधवार शाम उनके पास कांग्रेस विधायक का फोन आया था। इसी दौरान वह फोन पर उन्हें गाली देने लगे। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने गुरुवार शाम इस संबंध में एक प्रेस नोट जारी किया। इसमें पार्टी ने प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ एक्शन लेते हुए उन्हें विधायक पद से हटाने की मांग की है। डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल रजक ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि उन्होंने इस घटना के बारे में जिले के डीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि असल में मामला एक तालाब में मछली मारने की लीज से जुड़ा है। मामले में दो ग्रुप शामिल हैं। 

बृहस्पति सिंह ने कहा, ऑडियो क्लिप में उनकी आवाज नहीं 
वहीं इस मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि ऑडियो क्लिप में जो आवाज है वह उनकी नहीं है। बृहस्पति सिंह ने कहा कि कुछ लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इसमें विपक्ष के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं समेत उनकी अपनी पार्टी के भी कुछ वरिष्ठ नेता शामिल हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं जब बृहस्पति सिंह का नाम इस तरह के विवाद में सामने आया है। हाल ही में उन्होंने आरोप लगाया था कि सरगुजा जिले में उनके काफिले पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने हमला कराया था। तब बृहस्पति सिंह ने कहा था कि यह हमला इसलिए कराया गया था क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी और कहा था कि वह भावुकता में बह गए थे। 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here