नई दिल्ली: केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कोरोना संकट अब खत्म होने के रास्ते पर है और भारत में भी जल्द ही वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी. जावड़ेकर ने अंतर्राष्ट्रीय कोरोना वायरस लघु फिल्म महोत्सव के दौरान यह बात कही. उन्होंने कहा कि मैं हर किसी से यही अपील करता हूं कि एंटीबॉडीज बनने से पहले कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करते रहें.

केंद्रीय मंत्री ने आमजन को आगाह करते हुए कहा कि जब तक शरीर में एंटीबॉडीज विकसित नहीं हो जाती और वैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं दे दी जाती, तब तक विशेष हिदायत बरते जाने की जरूरत है. महामारी ने दुनियाभर के देशों में बड़े संकट पैदा कर दिए हैं. हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत संकट को अच्छी तरह से संभालने में सक्षम है.

लघु फिल्म महोत्सव में कोरोना वायरस पर बनी लघु फिल्मों के विचार को अद्भुत बताते हुए जावड़ेकर ने कहा कि एक ही विषय पर 108 देशों की 2,800 फिल्मों की भागीदारी लोगों की अपार प्रतिभा का उदाहरण है. गोवा में आयोजित होने वाले भारत के 51वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के बारे में उन्होंने कहा कि आईएफएफआई का आयोजन ‘हाइब्रिड तरीके’ से किया जाएगा.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग महोत्सव को ऑनलाइन देख सकेंगे, जबकि उद्घाटन और समापन समारोह के आयोजन में कुछ दर्शकों की मौजूदगी होगी. उन्होंने यह भी बताया कि आईएफएफआई के इस संस्करण में 21 गैर-फीचर फिल्मों की भागीदारी देखी जाएगी.

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इस अवसर पर जावड़ेकर और उनके मंत्रालय को भारत जैसे विशाल देश में सफलतापूर्वक कोरोना वायरस के बारे में व्यापक जागरूकता पैदा करने के लिए बधाई दी.

यह भी पढ़ें- 

दो से तीन दिनों में पांच डिग्री तक तापमान में आएगी गिरावट, मौसम विभाग का अनुमान



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here