रेट्रोस्पेक्टिव टैक्स पर केंद्र सरकार के फैसले का फायदा वोडाफोन-आइडिया के निवेशकों को मिला है। आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को वोडाफोन-आइडिया का शेयर भाव करीब 20 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। कारोबार के अंत में कंपनी का शेयर भाव 19.53 फीसदी बढ़त के साथ 7.10 रुपए के भाव पर ठहरा। वहीं, मार्केट कैपिटल भी 20,402 करोड़ रुपए हो गया।
शेयर में तेजी की वजह: दरअसल, सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में विधेयक पेश कर कंपनियों पर पिछली तारीख से सभी टैक्स मांग वापस लेने की घोषणा की। सरकार ने कहा है कि वह विदेशी कंपनियों पर इस तरह की टैक्स मांग को वापस लेगी और उनसे जुटाए गए करीब 8,100 करोड़ रुपये लौटाएगी।
वोडाफोन का कनेक्शन: ब्रिटेन की कंपनी वोडाफोन और भारत सरकार के बीच लंबे समय से इस टैक्स को लेकर विवाद है। बीते साल वोडाफोन को भारत सरकार के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में जीत भी मिली। इसके बाद भारत सरकार ने सिंगापुर की अदालत में फैसले को चुनौती दी थी। ये इसलिए भी वोडफोन के लिए राहत की बात है क्योंकि दूरसंचार विभाग के एडजस्ट ग्रॉस रेवेन्यू यानी एजीआर बकाया की वजह से कंपनी संकट में है। इस वजह से कंपनी के निवेशकों को नुकसान भी हो चुका है।
रिलायंस-फ्यूचर ग्रुप की डील को SC से झटका, Amazon को मिली बड़ी जीत
आरबीआई गवर्नर ने बताया सही कदम: रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने सरकार के पिछली तारीख से बकाया कर यानी रेट्रोस्पेक्टिव टैक्स के फैसले की तारीफ की है। उन्होंने महामारी की वजह से पैदा हुए संकट पर सरकार के रुख को दूरदर्शी और सोच-समझकर उठाया गया कदम बताया।







