हाइलाइट्स:

  • दिल्ली में मेट्रो सेवाओं के संचालन के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी एकमत हैं
  • केजरीवाल के बाद अब बीजेपी ने भी राजधानी में मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग की
  • प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उठाई मांग

नई दिल्ली
दिल्ली में मेट्रो सेवाओं के संचालन के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी एकमत हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद अब बीजेपी ने भी राजधानी में मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से बुधवार को मिलकर दिल्ली की लाइफलाइन मेट्रो का संचालन शुरू करने का अनुरोध किया है। जिस पर मंत्री ने उन्हें इस संबंध में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा, ‘शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मिलकर हमने निवेदन किया है कि एसओपी और गाइडलाइन के साथ दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो को जल्द से जल्द शुरू करें। क्योंकि दिल्ली सरकार प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को चलाने में पूरी तरह विफल रही है। दिल्ली के लोगों की समस्या को देखते हुए जल्द मेट्रो चलाने की मांग हमने की है।’

केजरीवाल पर बीजेपी का निशाना
प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि, ‘दिल्ली मेट्रो का संचालन एसओपी और गाइडलाइंस के साथ किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली सरकार को अगर सच में परिवहन व्यवस्था की चिंता होती तो उसे सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकारी बसों, स्कूल बसों, प्राइवेट ऑपरेटर की बसों का उपयोग कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया क्योंकि उन्हें वास्तविकता में काम नहीं करना है।’

‘दिल्ली पर नहीं है केजरीवाल का ध्यान’
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के मामलों में फिर से बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन दिल्ली सरकार का पूरा ध्यान उत्तराखंड, पंजाब में जनाधार बढ़ाने पर है। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी केंद्र सरकार से मेट्रो सेवाओं को शुरू करने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि शहर में कोविड-19 की स्थिति ठीक हो रही है। इस नाते मेट्रो सेवाओं को संचालित किया जा सकता है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here